
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा महिलाओं की भूमिका,नेतृत्व और सशक्तिकरण पर केंद्रित एक विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की थीम देने से प्राप्ति रही,जो समाज में सहयोग,समान अवसर और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का संदेश देती है। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ.सौरभ यादव के स्वागत संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि किसी भी समाज के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा,विज्ञान,प्रशासन,सेना,चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्रों में महिलाएं अपनी प्रतिभा और परिश्रम से नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं,जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है कार्यक्रम का संचालन डॉ.पवन सिंह राणा ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि यह दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं,बल्कि समाज में समानता,सम्मान और अवसरों के विस्तार के प्रति सामूहिक संकल्प का भी प्रतीक है। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में काउंसलिंग मनोवैज्ञानिक लीना गुरूंग तथा मेजर डॉ.खुशबू गौर उपस्थित रहीं। लीना गुरूंग ने प्रतिस्पर्धात्मक शैक्षणिक वातावरण में मानसिक स्वास्थ्य विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आज के तेजी से बदलते शैक्षणिक परिवेश में विद्यार्थियों के लिए मानसिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन,सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं मेजर डॉ.खुशबू गौर ने सशक्त महिला,सशक्त राष्ट्र विषय पर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज महिलाएं विज्ञान,सेना,शिक्षा,प्रशासन और सामाजिक नेतृत्व सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिलता है,तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष प्रोफेसर पूजा सकलानी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह दिवस हमें महिलाओं की उपलब्धियों,उनके संघर्षों और समाज में उनके बहुमूल्य योगदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम विद्यार्थियों को महिलाओं के प्रति सम्मान,समानता और नेतृत्व की भावना को समझने और उसे अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो.पूजा सकलानी,डॉ.एस.के.एस.पटेल,डॉ.सौरभ यादव सहित विभाग के अन्य प्राध्यापकगण,शोधार्थी तथा स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के 100 से अधिक छात्र-छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई गणमान्य व्यक्तित्वों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर महिला सशक्तिकरण के संदेश को मजबूती प्रदान की। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।