अगस्त्यमुनि के सामाजिक विज्ञान महोत्सव में चमकी नौनिहालों की प्रतिभा-13 न्याय पंचायतों के 39 विद्यार्थियों ने दिखाई मेधा और हुनर

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी रुद्रप्रयाग/अगस्त्यमुनि/श्रीनगर गढ़वाल। विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता,रचनात्मक सोच और विषयगत समझ को नई दिशा देने के उद्देश्य से बुधवार को विकासखंड अगस्त्यमुनि के खंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) कार्यालय में विकासखंड

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

रुद्रप्रयाग/अगस्त्यमुनि/श्रीनगर गढ़वाल। विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता,रचनात्मक सोच और विषयगत समझ को नई दिशा देने के उद्देश्य से बुधवार को विकासखंड अगस्त्यमुनि के खंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) कार्यालय में विकासखंड स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में विकासखंड की सभी 13 न्याय पंचायतों से चयनित 39 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा,ज्ञान और सृजनात्मक कौशल का शानदार परिचय दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने न केवल उनकी विषयगत समझ को प्रदर्शित किया,बल्कि सामाजिक,ऐतिहासिक और समसामयिक विषयों के प्रति उनकी जागरूकता को भी उजागर किया। महोत्सव में मॉडल प्रदर्शनी,सामाजिक विज्ञान प्रश्नोत्तरी तथा भाषण प्रतियोगिता सहित तीन प्रमुख गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रत्येक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास,लगन और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। किसी ने आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता को साकार किया, तो किसी ने प्रश्नोत्तरी में विषयों पर अपनी मजबूत पकड़ का परिचय दिया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिव्यक्ति और तार्किक विचारों के माध्यम से अपनी वाक्पटुता का परिचय दिया। कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी तनुजा देवराड़ी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। महोत्सव का विधिवत शुभारंभ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश पुरोहित,डायट प्रवक्ता ममता रावत,कार्यक्रम समन्वयक चैतन्य कुकरेती तथा बीआरपी विकास सिंह एवं लक्ष्मी भंडारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम का संचालन समन्वयक चैतन्य कुकरेती ने किया। भाषण प्रतियोगिता-न्याय पंचायत सारी के राजकीय विद्यालय की कक्षा आठ के छात्र भाविल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। न्याय पंचायत मयकोटी के कक्षा सात के छात्र ईशांत ने द्वितीय तथा न्याय पंचायत भीरी के कक्षा आठ के छात्र सुकेश्वर ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में न्याय पंचायत चोपड़ा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय देवनगर के कक्षा आठ के छात्र अभय ने अपने उत्कृष्ट मॉडल के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। न्याय पंचायत चोपता के राजकीय इंटर कॉलेज घिमतोली की कक्षा आठ की छात्रा प्रिया द्वितीय तथा न्याय पंचायत सुमेरपुर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तूना के कक्षा सात के छात्र आदि रावत तृतीय स्थान पर रहे। सामाजिक विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-ज्ञान और विषयगत दक्षता की इस प्रतिस्पर्धा में न्याय पंचायत सतेराखाल के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय मालतोली के कक्षा आठ के छात्र आरव पटवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। न्याय पंचायत पौड़ीखाल के राजकीय इंटर कॉलेज बाड़ा के कक्षा छह के छात्र नैतिक ने द्वितीय तथा न्याय पंचायत चोपड़ा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय देवनगर के कक्षा आठ के छात्र अंश बुटोला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महोत्सव में सभी 13 न्याय पंचायतों के समन्वयकों,शिक्षकों,अभिभावकों और अन्य प्रतिभागियों की सक्रिय उपस्थिति ने आयोजन को सार्थक एवं उत्साहपूर्ण बनाया। इस अवसर पर न्याय पंचायत समन्वयक नितिन गौड़,दीपिका,रोहित कंडारी,प्रिया,अंजू,नीलम,अंजू रावत,शिवानी,दीपक चौधरी,नरेश एवं अंजलि सहित अनेक शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार सामाजिक विज्ञान महोत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक विज्ञान विषय के प्रति रुचि एवं जिज्ञासा विकसित करना,उन्हें किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यवहारिक अनुभवों से जोड़ना तथा उनकी रचनात्मकता,तार्किक क्षमता,विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करना है। इस प्रकार के शैक्षिक आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा,आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहभागिता की भावना भी विकसित करते हैं। अगस्त्यमुनि में आयोजित इस महोत्सव ने यह संदेश दिया कि विद्यालयी शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं,बल्कि विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित मंच और दिशा प्रदान करना भी है। प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों की उपलब्धि ने जहां उनके विद्यालयों और शिक्षकों का मान बढ़ाया,वहीं अन्य विद्यार्थियों को भी भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...