अफसर बिटिया कार्यक्रम से संवरी बेटियों की उड़ान छात्राओं में आत्मविश्वास,नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का हुआ सशक्त संचार

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल स्वाति एस.भदौरिया के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद के राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,ल्वाली में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत अफसर बिटिया कार्यक्रम

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल स्वाति एस.भदौरिया के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद के राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,ल्वाली में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत अफसर बिटिया कार्यक्रम का प्रभावशाली और प्रेरक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता की भावना को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) पौड़ी आशा रावत द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका पद्मा रावत,प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परसुंडाखाल डॉ.अलीशा सचदेवा,क्षेत्र पंचायत सदस्य मधु नेगी एवं ग्राम प्रधान नीलम देवी को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया, जबकि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर आधारित सामूहिक नृत्य ने कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। अपने संबोधन में सीडीपीओ आशा रावत ने कहा कि एक शिक्षित,सशक्त और जागरूक बेटी ही सुदृढ़ समाज की आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं बालिकाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। वहीं अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी बालिका सशक्तिकरण,स्वास्थ्य,शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार साझा करते हुए छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं की रचनात्मक क्षमता को मंच देने के उद्देश्य से निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की समस्त छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया,जिससे उनके उत्साह में और वृद्धि देखने को मिली। इस अवसर पर सुपरवाइजर कमला नेगी ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बालिकाओं को उनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन सुपरवाइजर सुषमा रावत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की सभी अध्यापिकाएं,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं। समग्र रूप से अफसर बिटिया कार्यक्रम ने छात्राओं के भीतर आत्मविश्वास,नेतृत्व और आगे बढ़ने की नई ऊर्जा का संचार किया,जो निश्चित रूप से उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करेगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...