
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र दल ने आईआईटी बॉम्बे के एंटरप्रेन्योरशिप सेल द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज (एनईसी) में चौथा स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। देशभर के चुनिंदा तकनीकी एवं शैक्षणिक संस्थानों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मिली यह उपलब्धि एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की नवोन्मेषी सोच,उद्यमशीलता क्षमता और टीमवर्क का सशक्त प्रमाण है। इस उल्लेखनीय सफलता के उपरांत छात्र दल ने विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह से शिष्टाचार भेंट की। कुलपति ने छात्र टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय उपलब्धियां न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयां देती हैं,बल्कि विश्वविद्यालय में नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और उद्यमशील शिक्षा को भी मजबूती प्रदान करती हैं। उन्होंने छात्रों को अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने और उद्योग से जुड़ाव बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। मुख्य छात्र सलाहकार प्रो.एम.एम.सेमवाल ने भी टीम की सराहना करते हुए कहा कि अनुशासन,समर्पण और निरंतर प्रयास ही किसी भी बड़ी सफलता की नींव होते हैं। उन्होंने छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार रखने का आह्वान किया। टीम लीडर सूरज कुमार ने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे टीम वर्क की निर्णायक भूमिका रही। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान आई विभिन्न चुनौतियों,प्राप्त अनुभवों और सीखों को साझा किया तथा अपने नवोन्मेषी विचार का प्रोटोटाइप कुलपति के समक्ष प्रस्तुत किया। चर्चा के दौरान कुलपति ने उनके विचार को और अधिक विकसित करने तथा पेटेंट प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया, जिससे छात्रों में उत्साह और आत्मविश्वास और बढ़ा। कार्यक्रम के फैकल्टी एडवाइजर डॉ.दिगर सिंह ने टीम के प्रयासों और सामूहिक सहभागिता की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह सफलता निरंतर मार्गदर्शन,परिश्रम और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। इस अवसर पर अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ (आरडीसी) के निदेशक प्रो.हेमवती नंदन,टेक्नोलॉजी प्री-इन्क्यूबेशन सेल (टीपीआईसी) के समन्वयक डॉ.रोहित महर,डॉ.भास्करन एवं डॉ.वरुण बर्थवाल,विश्वविद्यालय के जन-सम्पर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा तथा सहायक कुलसचिव एस.पी.बादल भी उपस्थित रहे। सभी ने छात्र दल को बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया। यह उपलब्धि एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में नवाचार,उद्यमशील शिक्षा और छात्र-नेतृत्वित पहलों को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों की मजबूत गवाही देती है और आने वाले समय में विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नई संभावनाओं के द्वार खोलती है।