
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में रविवार देर सायं भैया-दूज के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसने भाई-बहन के स्नेह और संगठनात्मक एकता दोनों का सशक्त संदेश दिया। यह कार्यक्रम हाल ही में प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के कारण स्थगित रक्षाबंधन सम्मान समारोह के स्थान पर आयोजित किया गया। श्रीनगर के आदिती पैलेस में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण सौहार्द,भक्ति और संगठन की भावना से ओतप्रोत रहा। डॉ.रावत ने अपने संबोधन में कहा कि यदि आज उत्तराखंड और देश में भाजपा की सरकार जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है,तो उसमें माताओं और बहनों का अमूल्य योगदान है। संगठन की जड़ें नारी शक्ति के समर्पण से ही सशक्त होती हैं। उन्होंने आगे कहा कि आपदा के कारण रक्षाबंधन कार्यक्रम न हो पाने के बावजूद भैया दूज का यह आयोजन उसी आत्मीयता और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। हमारी बहनें संगठन की धड़कन हैं-जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बन रही हैं। डॉ.रावत ने उपस्थित बहनों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं,ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंच सके। कार्यक्रम के दौरान डॉ.रावत ने भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली बहनों को सम्मानित किया और उन्हें समाज सेवा एवं संगठन निर्माण में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भैया दूज न केवल पारिवारिक रिश्तों की मिठास का पर्व है,बल्कि यह समाज और संगठन में महिलाओं की भूमिका को सम्मान देने का अवसर भी है। भाजपा सदैव नारी सशक्तिकरण को अपने कार्यसंस्कृति के केंद्र में रखती आई है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,कार्यकारी अध्यक्ष महिला मोर्चा रेनू सुंदरियाल,कार्यक्रम अध्यक्ष एवं पूर्व सभासद रामेश्वरी देवी,संयोजक मंडल महामंत्री शुभम प्रभाकर,पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी रावत,पार्षद गुड्डी गैरोला,सुनीता गैरोला,आशा उपाध्याय,ऊषा कंडारी,मीना असवाल,राजेश्वरी रावत,अंजना डोभाल,उमा गुन्सोला सहित अनेक गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन मंडल मंत्री विजय लक्ष्मी रतूड़ी एवं सह सोशल मीडिया जिला प्रभारी सीमा भंडारी ने संयुक्त रूप से किया। भैया दूज के इस भावनात्मक अवसर ने न केवल भाई-बहन के स्नेह को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया,बल्कि संगठन में महिलाओं की भागीदारी को भी नई दिशा दी। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि भाजपा संगठन केवल राजनीति का मंच नहीं,बल्कि परिवार और समाज के साझा मूल्यों का उत्सव है।