हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। तकनीकी शिक्षा को रोजगारोन्मुखी दिशा देने की प्रतिबद्धता के साथ उत्तराखंड गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिटेक्निक में आयोजित स्किल वीक का समापन समारोह उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा के वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन केवल एक औपचारिक समापन नहीं,बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में सशक्त संकल्प का प्रतीक बनकर सामने आया। समारोह के मुख्य वक्ता संस्थान के डिप्टी डायरेक्टर एवं प्रिंसिपल एस.के.वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दौर केवल डिग्री प्राप्त करने का नहीं बल्कि कौशल,नवाचार (इनोवेशन) और उद्यमिता (आंत्रप्रेन्योरशिप) के माध्यम से स्वयं को स्थापित करने का है। उन्होंने छात्रों को पारंपरिक रोजगार की सीमाओं से आगे बढ़कर स्टार्टअप और स्वरोजगार के क्षेत्र में संभावनाएं तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कौशल ही आज की असली पूंजी है,और जो युवा अपने कौशल को पहचानकर उसे विकसित करता है,वही भविष्य का नेतृत्व करता है। कार्यक्रम की शुरुआत National Institute for Entrepreneurship and Small Business Development (NIESBUD) के वर्चुअल व्याख्यान से हुई,जिसमें विशेषज्ञों ने छात्रों को उद्यमिता विकास,व्यवसाय प्रबंधन और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा से जोड़ा। डिजिटल माध्यम से जुड़े इस सत्र ने छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की सोच और दृष्टिकोण प्रदान किया। इसके उपरांत राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान एनआईटी श्रीनगर के पीएचडी स्कॉलर निशु गिरी ने मॉक इंटरव्यू और मॉक टेस्ट के महत्व पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उन्होंने छात्रों को बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं और प्लेसमेंट प्रक्रियाओं में सफलता के लिए आत्ममूल्यांकन,अभ्यास और आत्मविश्वास अनिवार्य हैं। उनके व्यावहारिक उदाहरणों और अनुभवों ने विद्यार्थियों को वास्तविक चुनौतियों के लिए मानसिक रूप से तैयार किया। समापन अवसर पर स्किल वीक की समन्वयक एवं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर रीना नवानी ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों,वक्ताओं,संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल तकनीकी शिक्षा देना नहीं,बल्कि छात्रों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाना है। कार्यक्रम में संस्थान के सभी अधिकारी,शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और जिज्ञासा स्पष्ट रूप से देखने को मिली। समग्र रूप से यह स्किल वीक विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धन का मंच ही नहीं,बल्कि आत्मविश्वास निर्माण और करियर की स्पष्ट दिशा तय करने का सशक्त अवसर सिद्ध हुआ। यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि श्रीनगर का यह तकनीकी संस्थान युवाओं को केवल शिक्षा नहीं,बल्कि भविष्य की उड़ान के लिए पंख प्रदान कर रहा है।