उत्तरा केयर हॉस्पिटल पौड़ी एवं विवेकानंद नेत्रालय देहरादून के संयुक्त प्रयास से 8 अगस्त को लगेगा सुपर स्पेशियलिटी नेत्र चिकित्सा शिविर

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के लोगों के लिए राहत और खुशखबरी भरी सूचना है। अब गंभीर एवं जटिल नेत्र रोगों के उपचार के लिए मरीजों को बार-बार देहरादून

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के लोगों के लिए राहत और खुशखबरी भरी सूचना है। अब गंभीर एवं जटिल नेत्र रोगों के उपचार के लिए मरीजों को बार-बार देहरादून के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उत्तरा केयर हॉस्पिटल पौड़ी एवं विवेकानंद नेत्रालय देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में 8 अगस्त 2026 (शनिवार) को एक दिवसीय सुपर स्पेशियलिटी नेत्र चिकित्सा शिविर एवं विशेषज्ञ ओपीडी का आयोजन किया जा रहा है। यह सेवा प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी,जिससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। शिविर का आयोजन प्रातः 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक उत्तरा केयर हॉस्पिटल परिसर में किया जाएगा। इस दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की विस्तृत जांच,परामर्श तथा उपचार किया जाएगा। शिविर में मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों की जांच एवं उपचार,आंखों के अल्सर (आई अल्सर) का उपचार,मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं अन्य नेत्र सर्जरी,ओक्यूलोप्लास्टी (नेत्र प्लास्टिक सर्जरी),पलकों की सर्जरी,डीसीआर (आंसू की नली की सर्जरी),आंखों के आसपास की गांठ एवं ट्यूमर का उपचार तथा पलकों एवं आंखों के आसपास की विकृतियों का आधुनिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। उत्तरा केयर हॉस्पिटल द्वारा मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। पात्र मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क चश्मे एवं दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता होगी,उन्हें देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय तक आने-जाने के लिए निःशुल्क वाहन सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त देहरादून में जांच,उपचार एवं आवश्यक होने पर तीन दिनों तक रहने एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। उपचार एवं सफल सर्जरी के उपरांत मरीजों को पुनः उत्तरा केयर हॉस्पिटल पौड़ी गढ़वाल तक निःशुल्क वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले अनेक मरीज आर्थिक कठिनाइयों और लंबी दूरी के कारण समय पर नेत्र उपचार नहीं करा पाते हैं। ऐसे में यह पहल न केवल स्थानीय लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा उपलब्ध कराएगी,बल्कि समय पर उपचार मिलने से कई मरीजों की दृष्टि भी सुरक्षित रह सकेगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित नेत्र परीक्षण से मोतियाबिंद,ग्लूकोमा एवं अन्य गंभीर नेत्र रोगों का समय रहते उपचार संभव हो जाता है। पूर्व पंजीकरण के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर अस्पताल प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से इस विशेष नेत्र चिकित्सा शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। पूर्व पंजीकरण एवं अधिक जानकारी के लिए 01368-313477 पर संपर्क किया जा सकता है। अस्पताल का पता कंडोलिया रोड जिला अस्पताल के निकट पौड़ी गढ़वाल है। यह पहल पर्वतीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उत्तरा केयर हॉस्पिटल और विवेकानंद नेत्रालय का यह संयुक्त प्रयास निश्चित रूप से पौड़ी गढ़वाल सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों मरीजों के लिए वरदान साबित होगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...