
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर-संकाय सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताएं 2025-26 इन दिनों पूरे शबाब पर हैं। दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा,रचनात्मकता और बौद्धिक क्षमता का ऐसा समन्वय प्रस्तुत किया कि पूरा विश्वविद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। पहले दिन देर रात तक सुगम संगीत,समूह गान एवं लोकगीतों की मधुर प्रस्तुतियों से माहौल सराबोर रहा,वहीं दूसरे दिन का आयोजन और भी अधिक विविधता और आकर्षण से भरपूर रहा। मुख्य प्रांगण में आयोजित कव्वाली,शास्त्रीय गायन एवं पाश्चात्य गायन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी सशक्त आवाज और प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के अंतर्गत काव्य पाठ,वाद-विवाद एवं प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया,जिसमें प्रतिभागियों ने अपने विचारों की गहराई,तार्किक क्षमता और ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों की बौद्धिक दक्षता और अभिव्यक्ति कौशल को नई पहचान दी। इसी क्रम में चित्रकला की विभिन्न विधाओं-पोस्टर,पेंटिंग,कार्टून एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने अपनी सृजनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। रंगों और कल्पनाओं के इस अद्भुत संगम ने पूरे परिसर को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में मेले जैसा उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। आयोजन समिति ने सभी प्रतियोगिताओं का संचालन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से किया। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.ओ.पी.गुसाईं,कार्यक्रम संयोजक प्रो.अतुल ध्यानी,प्रो.मोहन पंवार,डॉ.विजय ज्योति,डॉ.घनश्याम ठाकुर,डॉ.संजय पांडे,डॉ.कपिल पंवार सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। इसी उत्साह को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय में 19 एवं 20 मार्च को अंतर-महाविद्यालयी शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय परिसर के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों एवं संस्थानों की टीमें भाग लेंगी,जो संगीत,नृत्य,नाटक,साहित्य और चित्रकला की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम संयोजक प्रो.अतुल ध्यानी के अनुसार अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं में 8 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं,जो विभिन्न महाविद्यालयों का प्रतिनिधित्व करते हुए सांस्कृतिक रैली में भी हिस्सा लेंगी। विश्वविद्यालय में चल रहा यह सांस्कृतिक और शैक्षणिक महोत्सव न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान कर रहा है,बल्कि उन्हें आपसी प्रतिस्पर्धा,समन्वय और सांस्कृतिक समृद्धि की दिशा में भी प्रेरित कर रहा है। यह आयोजन निश्चित रूप से विश्वविद्यालय के गौरव को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला सिद्ध हो रहा है।