ऑपरेशन स्माइल की बड़ी सफलता-पौड़ी पुलिस ने पुणे से सकुशल बरामद की लापता महिला,परिवार में लौटी मुस्कान

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। संवेदनशीलता,तकनीकी दक्षता और सटीक टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर भरोसे को मजबूत किया है। घर से लापता हुई महिला

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। संवेदनशीलता,तकनीकी दक्षता और सटीक टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर भरोसे को मजबूत किया है। घर से लापता हुई महिला को सैकड़ों किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के पुणे शहर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया,जिससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल लौट आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19 फरवरी 2026 को विकास खंड पाबो क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति द्वारा कोतवाली पौड़ी में प्रार्थना पत्र देकर अपनी पत्नी के अचानक लापता होने की सूचना दी गई थी। महिला बिना बताए घर से चली गई थी और काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पौड़ी में गुमशुदगी दर्ज कर तत्काल खोजबीन शुरू कर दी गई। जनपद में गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश और सुरक्षित बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार द्वारा सभी मामलों में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी जयपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस एवं सीआईयू की संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने आधुनिक तकनीकी साधनों और पारंपरिक पुलिसिंग और दोनों का समन्वय करते हुए गहन जांच शुरू की। स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटाने के साथ-साथ संभावित स्थानों पर तलाश,कॉल डिटेल्स का विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे,जिनके आधार पर महिला की लोकेशन महाराष्ट्र में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल महाराष्ट्र रवाना हुई और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को पुणे से सकुशल बरामद कर लिया। जांच के दौरान यह सामने आया कि महिला पुणे में एक निजी क्षेत्र में कार्य कर रही थी। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत पुलिस टीम महिला को सुरक्षित वापस लेकर आई और परिजनों को सुपुर्द कर दिया। महिला के सकुशल लौटने पर परिवार में खुशी का माहौल है और उन्होंने पौड़ी पुलिस का आभार व्यक्त किया है। इस सफल अभियान में शामिल पुलिस टीम के सदस्यों में उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला,कांस्टेबल दीपक कुमार,हेड कांस्टेबल हरीश (सीआईयू) की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। इस पूरी कार्यवाही ने यह साबित कर दिया कि यदि पुलिस पूरी प्रतिबद्धता,तकनीकी समझ और टीमवर्क के साथ काम करे,तो किसी भी चुनौती को पार कर नागरिकों को सुरक्षित घर लौटाया जा सकता है। ऑपरेशन स्माइल के तहत पौड़ी पुलिस की यह सफलता निश्चित रूप से आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत करती है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...