
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी/नरेंद्र सिंह
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। कड़ाकोट पट्टी के हजारों ग्रामीणों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया। लंबे समय से लंबित कीर्तिनगर-डांग धारी मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं हॉट मिक्सिंग कार्य का विधिवत भूमि पूजन देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने किया। यह 17 किमी लंबा मार्ग 697.35 लाख रुपये की लागत से बनाया जा रहा है,जो क्षेत्र के दर्जनों गांवों को ब्लॉक मुख्यालय कीर्तिनगर से सीधा जोड़ेगा। यह परियोजना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या 94/2023 के अंतर्गत स्वीकृत की गई है,जिससे क्षेत्र के ग्रामीण परिवहन और विकास को नई दिशा मिलेगी। दशकों पुरानी मांग अब साकार डांग,रणकंडियाल,कपरौली,खोलाशील धार,पायाकोटी,पारकोट,धारकोट,कोटि और थापली सहित पूरे कड़ाकोट पट्टी के ग्रामीण वर्षों से इस सड़क के डामरीकरण की मांग कर रहे थे। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मार्ग के कारण ग्रामीणों को आवाजाही,शिक्षा,स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। भूमि पूजन के साथ ही लोगों में खुशी और उम्मीद का माहौल देखने को मिला। भूमि पूजन के बाद विधायक विनोद कंडारी ने कहा मेरी प्रतिबद्धता है कि देवप्रयाग विधानसभा के प्रत्येक गांव तक सड़क,बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध रूप से पहुंचें। यह मोटर मार्ग कड़ाकोट पट्टी के विकास की रीढ़ साबित होगा। उन्होंने कहा कि सड़क बेहतर होने से क्षेत्र में शिक्षा,चिकित्सा और कृषि गतिविधियों में भी गति आएगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। स्थानीय ग्रामीणों ने इस कार्य के शुभारंभ पर विधायक विनोद कंडारी और सरकार का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि सड़क सुधरने से सबसे अधिक राहत स्कूली छात्रों,मरीजों और किसानों को मिलेगी। खराब मौसम में बंद रहने वाला रास्ता अब मजबूती के साथ हर मौसम में सुगम रहेगा। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार,सहायक अभियंता मुनीश कुमार,ठेकेदार संतोष उनियाल,प्रधान खोला शिवराज सिंह,प्रधान कपरोली दिनेश कुमार,क्षेत्र पंचायत सदस्य पारकोट चंद्रमोहन सिंह,टिहरी जिला उपाध्यक्ष नरेन्द्र कुंवर,राम सिंह चौहान,संजीव चौहान,विजय चौहान,नेत्र सिंह,जगदीश कैंतूरा,विकास मेहरा,कुलदीप प्रकाश,अशोक उनियाल,जिला पंचायत सदस्य खोला-कड़ाकोट कविता देवी,लक्ष्मण रावत,भगवान सिंह पटवाल,दिनेश राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। इस सड़क परियोजना से कड़ाकोट पट्टी का विकास नए चरण में प्रवेश करेगा और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।