

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। नमामि नर्मदा संघ की राष्ट्रीय समिति द्वारा देवभूमि श्रीनगर क्षेत्र के सुपुत्र आचार्य नितीश खंडूरी (दिव्यानंद महाराज) को कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ,उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पूर्व खंडूरी तीन वर्षों तक प्रदेश सचिव के रूप में अपनी सक्रियता,ईमानदारी और संगठन के प्रति समर्पण का परिचय दे चुके हैं। इस अवसर पर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं.हरीश उनियाल ने बधाई देते हुए कहा कि आचार्य नितीश खंडूरी का संगठन में योगदान अनुकरणीय रहा है। हमें पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक धारा और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ेगी। वे निश्चित ही नर्मदा संघ के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। वहीं नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आचार्य नितीश खंडूरी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुझे देवभूमि की लोक संस्कृति,शास्त्रीय वैदिक परंपराओं,पौराणिक इतिहास और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य करने का अवसर मिला है। मैं पूर्ण निष्ठा और समर्पण भाव से इस दायित्व का निर्वहन करूंगा। आचार्य खंडूरी ने विशेष रूप से यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता नदी संरक्षण,पर्यावरणीय जागरूकता,महिला सशक्तिकरण,जल बचाओ और लोक संस्कृति के संरक्षण जैसे विषयों पर रहेगी। प्रदेश में इस नियुक्ति से युवाओं और समाजसेवियों में हर्ष का माहौल है। देवभूमि श्रीनगर गढ़वाल से उठी यह सांस्कृतिक धारा उत्तराखंड ही नहीं,पूरे भारत के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।