
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य के अद्वितीय संगम स्थल कलियासौड़-धारी देवी धाम में अब विकास की एक नई कहानी लिखी जा रही है। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने सोमवार सायं रुपए 1 करोड़ 42 लाख 37 हजार की लागत से बनने वाले साइड एमनिटीज सेंटर का शिलान्यास किया। इस केंद्र के निर्माण से जहां श्रद्धालुओं को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी,वहीं स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे। कार्यक्रम में डॉ.रावत ने कहा कि यह परियोजना वोकल फॉर लोकल के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। साइड एमनिटीज सेंटर में स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल,सुविधाजनक पार्किंग,शौचालय परिसर और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि धारी देवी केवल आस्था का केंद्र नहीं,बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था की धुरी भी है। यहां की धार्मिक पर्यटन क्षमता को स्थानीय रोजगार से जोड़ना हमारा लक्ष्य है। डॉ.रावत ने बताया कि सरकार का उद्देश्य केवल धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण नहीं,बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि क्षेत्र के पारंपरिक उत्पाद-जैसे जैविक अनाज,शहद,मसाले और हस्तशिल्प अब मंदिर परिसर और पर्यटन स्थलों पर सीधे बाजार से जुड़ें। इससे लोगों को घर पर ही रोजगार मिलेगा और पलायन पर रोक लगेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह परियोजना धारी देवी क्षेत्र में पर्यटन को नई गति देगी। अब श्रद्धालुओं को दर्शन के साथ ही विश्राम,खरीदारी और स्वच्छता की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इससे धारी देवी धाम आधुनिक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी,भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत,श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,खिर्सू ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी,जिला महामंत्री गणेश भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि,अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। स्थानीय जनता ने मंत्री डॉ.रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए विकास और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय साबित होगी। धारी देवी के आशीर्वाद से कलियासौड़ अब केवल तीर्थ स्थल नहीं,बल्कि स्वरोजगार और स्वाभिमान का केंद्र बनने जा रहा है।