
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर ब्लॉक अंतर्गत घरगांव ग्राम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक व्यापक जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली आयुष्मान आरोग्य मंदिर से प्रारम्भ होकर प्राथमिक विद्यालय भासवाड़ा तक निकाली गई,जिसमें ग्रामीणों,महिलाओं,बच्चों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। रैली का नेतृत्व सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी दयावती राणा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कुष्ठ रोग के लक्षणों,समय पर पहचान,निःशुल्क उपचार की उपलब्धता तथा इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है और यदि समय रहते इसका उपचार कर लिया जाए तो स्थायी विकलांगता जैसी गंभीर समस्याओं से सहज ही बचा जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान समाज में व्याप्त भेदभाव की मानसिकता को समाप्त करने पर भी विशेष बल दिया गया। लोगों से अपील की गई कि कुष्ठ रोग से पीड़ित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना रखें,क्योंकि यह रोग छूने मात्र से नहीं फैलता और उचित दवाओं से पूर्णतः नियंत्रित किया जा सकता है। इस जन-जागरूकता अभियान में फार्मासिस्ट अधिकारी अयोध्या प्रसाद पुरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। साथ ही आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ता दीपा देवी,सावित्री देवी,एवीएन कर्मियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी घर-घर संदेश पहुंचाने में सराहनीय योगदान दिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों द्वारा कुष्ठ रोग से डरें नहीं,इलाज कराएं समय पर पहचान,कुष्ठ रोग से मुक्ति,जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से पूरे क्षेत्र में जागरूकता का सशक्त संदेश प्रसारित किया गया। यह पहल न केवल स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है,बल्कि ग्रामीण समाज में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती सजगता और सकारात्मक सोच का भी प्रतीक बनी। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की निरंतरता की अपेक्षा व्यक्त।