हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लगातार फोन कॉल कर परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। इस गंभीर प्रकरण को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कोतवाली श्रीनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो.आर.के.ढोड़ी द्वारा कोतवाली श्रीनगर को प्रेषित प्रार्थना पत्र में अवगत कराया गया है कि बीते कई दिनों से कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बार-बार कॉल कर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। शिकायत में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि मोबाइल नंबर 6375873730 से लगातार कॉल कर स्वयं को साइबर सेल से जुड़ा बताते हुए भय और दबाव का वातावरण बनाया जा रहा है। कुलसचिव ने प्रार्थना पत्र में कहा है कि इस प्रकार की कॉल न केवल एक वरिष्ठ शैक्षणिक अधिकारी की गरिमा के विरुद्ध है,बल्कि यह कानून व्यवस्था और साइबर सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय भी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले की गहन जांच कर अज्ञात कॉल करने वाले व्यक्ति/व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने तथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवांछित गतिविधियां निंदनीय हैं और शैक्षणिक संस्थानों की कार्यप्रणाली में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास हैं। प्रशासन ने पुलिस से अपेक्षा जताई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। इधर मामले के सामने आने के बाद शैक्षणिक जगत में भी चिंता का माहौल है और विश्वविद्यालय से जुड़े शिक्षकों व कर्मचारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों की सुरक्षा एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता पर बल दिया।