
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। भारत के द्वितीय चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान,पीवीएसएम,यूवाईएसएम,एवीएसएम,एसएम,वीएसएम का आगामी 21 फरवरी को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल आगमन प्रस्तावित है। यह आगमन न केवल विश्वविद्यालय बल्कि संपूर्ण गढ़वाल अंचल के लिए गौरव और ऐतिहासिक अवसर के रूप में देखा जा रहा है। सीडीएस जनरल अनिल चौहान विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक,बौद्धिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। उनके आगमन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया,जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा,सुरक्षा व्यवस्था,प्रोटोकॉल,आयोजन स्थल की तैयारियों एवं समग्र समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कार्यक्रम के समन्वयक प्रो.महेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट,कुलसचिव अनीस-उज-जमान,वित्त अधिकारी प्रो.एन.एस.पंवार,अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.ओ.पी.गुसांई,चीफ प्रॉक्टर प्रो.दीपक कुमार,उप कुलसचिव (वित्त) डॉ.संजय ध्यानी,इंचार्ज अधिशासी अभियंता प्रो.बृजेश गांगिल,जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा,सहायक कुलसचिव (प्रशासन) सूर्य प्रकाश बादल सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने बैठक में कहा कि सीडीएस जनरल अनिल चौहान का विश्वविद्यालय आगमन विद्यार्थियों,शिक्षकों एवं शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम का आयोजन उच्च स्तरीय गरिमा,अनुशासन एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है,जिनमें स्वागत,मंच संचालन,सुरक्षा,यातायात,मीडिया समन्वय,तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से संबंधित समितियां शामिल हैं। सभी समितियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण समर्पण एवं समन्वय के साथ करने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय परिसर में सीडीएस के आगमन को लेकर छात्रों एवं शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। यह आयोजन निश्चित रूप से विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा।