
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने 14 अगस्त को आयोजित होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के सफल एवं गरिमामय आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम के प्रभावी समन्वय,सुव्यवस्थित संचालन एवं समग्र व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी इतिहास विभाग (प्राचीन भारतीय इतिहास,संस्कृति एवं पुरातत्व सहित) के अध्यक्ष प्रो.योगम्बर सिंह फर्स्वाण को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विधिवत कार्यालय आदेश जारी कर दिया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रो.योगम्बर सिंह फर्स्वाण कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा तैयार करने,विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्हें आवश्यकता के अनुरूप आयोजन समिति एवं विभिन्न कार्यदल गठित करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपने के अधिकार भी प्रदान किए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य है कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के माध्यम से देश के विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा,संघर्ष,विस्थापन और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए तथा इतिहास के इस संवेदनशील अध्याय से समाज को परिचित कराया जाए। कार्यक्रम के दौरान विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि,मानवीय त्रासदी और राष्ट्रीय एकता के संदेश पर आधारित विभिन्न गतिविधियों,व्याख्यानों एवं जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की भी संभावना है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रो.योगम्बर सिंह फर्स्वाण के नेतृत्व एवं अनुभव में यह आयोजन गरिमामय,सुव्यवस्थित और प्रेरणादायी रूप में संपन्न होगा तथा विद्यार्थियों,शोधार्थियों,शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम अपने उद्देश्य को सार्थक करेगा।