
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे पर्वतीय क्षेत्र गैरसैंण के लिए स्व.राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी पहल करते हुए एक अस्पताल की स्थापना की है। यह अस्पताल क्षेत्र के आम नागरिकों के लिए राहत और उम्मीद की नई किरण बनकर उभरा है। ट्रस्ट द्वारा स्थापित इस अस्पताल का भव्य उद्घाटन मंगलवार, 27 जनवरी को किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आनंद सिंह रावत होंगे,जो विधिवत रूप से अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ.विजय रावत एवं मीडिया प्रभारी जसपाल नेगी ने बताया कि गैरसैंण जैसे दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना लंबे समय से एक बड़ी आवश्यकता थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने यह अस्पताल स्थापित किया है,ताकि स्थानीय लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर न भटकना पड़े। उन्होंने बताया कि यह अस्पताल आमजन के हित को सर्वोपरि रखते हुए संचालित किया जाएगा,जहां प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। भविष्य में अस्पताल में सुविधाओं का और विस्तार करने की भी योजना है। ट्रस्ट की इस पहल को क्षेत्र में सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने इस कदम का स्वागत करते हुए इसे गैरसैंण के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया है। स्व.राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा गैरसैंण में स्थापित यह अस्पताल न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करेगा,बल्कि क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।