
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। लंबे समय से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत से जूझ रहे होटल और रेस्टोरेंट व्यवसायियों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर सामने आई है। जिला पूर्ति अधिकारी से हुई महत्वपूर्ण वार्ता के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि कल से श्रीनगर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पुनः शुरू होने जा रही है। श्रीनगर व्यापार सभा के अध्यक्ष दिनेश असवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी दूरभाष पर जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) अरुण कुमार वर्मा से बातचीत हुई,जिसमें उन्होंने व्यवसायियों की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों की ओर से स्पष्ट कहा गया कि लगातार गैस संकट के कारण होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। कई प्रतिष्ठानों के सामने कामकाज बंद करने जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। ऐसे में प्रशासन के समक्ष यह मुद्दा गंभीरता से रखा गया। जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया है कि कल से कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति शुरू होगी,हालांकि शुरुआती चरण में सिलेंडरों की संख्या सीमित लगभग 30 तक रहेगी। प्राथमिकता उन्हीं उपभोक्ताओं को दी जाएगी,जिनके पास वैध कमर्शियल गैस कनेक्शन हैं। इस निर्णय से स्थानीय होटल और रेस्टोरेंट व्यवसायियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है,जो पिछले कई दिनों से गैस की कमी के कारण भारी आर्थिक नुकसान झेल रहे थे। हालांकि आपूर्ति शुरू होने की खबर से राहत जरूर मिली है,लेकिन व्यापारियों का कहना है कि यह समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की स्थिति न बने,इसके लिए गैस आपूर्ति की नियमित और पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रशासन और व्यापारियों के बीच संवाद से फिलहाल राहत की स्थिति बनी है,लेकिन अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आपूर्ति कितनी सुचारू और नियमित हो पाती है।