

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। पर्वतीय गांवों की पगडंडियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के संकल्प के साथ उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत शुक्रवार को श्रीनगर एवं खिर्सू क्षेत्र के विस्तृत भ्रमण पर रहे। इस दौरान उन्होंने करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली सड़क परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया,साथ ही विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को गणवेश वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। डॉ.रावत ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। सड़क,स्वास्थ्य,शिक्षा और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं को सुदृढ़ कर ही गांवों को सशक्त बनाया जा सकता है। 8 किमी सड़क का डामरीकरण,वर्षों पुरानी मांग पूरी खिर्सू के डुंगरीपंथ-छांतीखाल-खेड़ाखाल मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य (स्वीकृत लंबाई 8.00 किलोमीटर,लागत 1589.54 लाख) लाख का विधिवत भूमि पूजन किया गया। इसके अतिरिक्त डुंगरीपंथ-छांतीखाल मोटर मार्ग से तल्ली कफोली तक ग्रामीण मोटर मार्ग निर्माण (प्रथम चरण,स्वीकृत धनराशि 156.39 लाख) रुपए का शिलान्यास भी किया गया। मंत्री ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मांग थी। सड़क के डामरीकरण से आसपास के अनेक गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही सिरोबगड़ में अवरोध की स्थिति में रुद्रप्रयाग और चमोली की ओर जाने वाले यात्रियों एवं तीर्थयात्रियों के लिए यह मार्ग एक सशक्त वैकल्पिक मार्ग सिद्ध होगा। डॉ.रावत ने उच्च प्राथमिक विद्यालय नंदन नगर पालिका तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय डांग में विद्यार्थियों को गणवेश वितरित किए। इसके अलावा फरासू और स्वीत में भी आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा,स्वास्थ्य,पोषण और गणवेश की समुचित व्यवस्था की जा रही है,ताकि किसी भी विद्यार्थी को संसाधनों के अभाव में पढ़ाई से वंचित न होना पड़े। छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने अनुशासन,आत्मविश्वास और लक्ष्य निर्धारण का संदेश दिया। मंत्री ने बताया कि प्रदेश के 22 हजार विद्यालयों में कुर्सी,टेबल,चारदीवारी,बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रत्येक विद्यालय को आवश्यकता के अनुसार 5 हजार से 25 हजार रुपये तक की खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी तथा पुस्तकालयों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चों को पुस्तकों के साथ कंप्यूटर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की जानकारी भी आवश्यक है। गांव के बच्चों के हाथ में जब कंप्यूटर आता है तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और भविष्य के नए द्वार खुलते हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि जहां विद्यालय निकट हैं वहां आंगनबाड़ी को समायोजित किया जाएगा,अन्यथा नए भवन बनाए जाएंगे। प्रत्येक महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय को एक-एक विद्यालय गोद लेने का आह्वान भी किया गया है,ताकि विषय विशेषज्ञ बच्चों का मार्गदर्शन कर सकें। डॉ.रावत ने आमजन से आयुष्मान कार्ड बनवाने का आग्रह करते हुए कहा कि गंभीर बीमारियों में यह आर्थिक सुरक्षा कवच सिद्ध हो रहा है। मोतियाबिंद के नि:शुल्क ऑपरेशन की सुविधा का भी उन्होंने उल्लेख किया। कल्यासौड़ क्षेत्र में 75 लाख रुपये की लागत से पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने पर स्थानीय पार्षद ने मंत्री का आभार जताया। साथ ही लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से विश्रामालय,पार्किंग एवं शौचालय निर्माण कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई। धारी देवी मंदिर क्षेत्र में सुव्यवस्थित विकास हेतु एकरूप रंग योजना अपनाने का सुझाव भी मंत्री ने दिया,ताकि दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को स्पष्ट पहचान मिल सके। डॉ.रावत ने कहा कि इस वर्ष उनके विभागों में चार हजार से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं। वे प्रतिदिन विद्यालयों और अस्पतालों का निरीक्षण करते हैं और औसतन 15 से 20 कार्यक्रमों में सहभागिता करते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि सामाजिक सरोकार के कार्यक्रम आंगनबाड़ी और गौशालाओं में भी आयोजित किए जाएं। डुंगरीपंथ-छांतीखाल मार्ग के भूमि पूजन अवसर पर विकास कार्यों से प्रभावित होकर 50 से अधिक लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें राजेंद्र सिंह,महेश कुमार,मनोज कुमार,रोहित कुमार, संदीप कुमार,मनोज लाल,रविंद्र कुमार,बबली देवी,आशीष सिंह,शांति देवी,सचिन कुमार,रामानंद,देवेश्वरी,शीशपाल,अरविंद सिंह,कुमारी काजल,शंकर सिंह सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहे। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत,ब्लॉक प्रमुख खिर्सू अनिल भण्डारी,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,खिर्सू मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला,मातबर सिंह रावत,ज्येष्ठ प्रमुख नितिन रावत,क्षेत्र पंचायत सदस्य योगेश,महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी,ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष जगमोहन नेगी,बासुदेव कंडारी,बिपेंद्र सिंह,झाबर सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य कैलाश चंद्र ने किया।