हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
अल्मोड़ा/श्रीनगर गढ़वाल। जब राष्ट्रीय पर्व केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर सेवा,संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का स्वरूप ले ले,तब उसका प्रभाव समाज के दूरगामी हितों तक पहुँचता है। 77 वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ऐसा ही एक प्रेरक और अनुकरणीय दृश्य राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय चचरोटी जनपद अल्मोड़ा में देखने को मिला,जहां राष्ट्रभक्ति केवल शब्दों में नहीं,बल्कि कर्म और करुणा में साकार होती दिखाई दी। रोटरी क्लब की प्रेरणा से आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में रोटेरियन डॉ.राजेंद्र सिंह भंडारी ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए अपने माता-पिता की स्मृति में छात्र-छात्राओं को उपयोगी सामग्री भेंट कर यह संदेश दिया कि व्यक्तिगत स्मृतियों को सामाजिक सरोकार से जोड़कर ही सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। डॉ.भंडारी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र के 4 बच्चों,राजकीय प्राथमिक विद्यालय के 5 विद्यार्थियों तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 22 छात्र-छात्राओं को शीत ऋतु से बचाव हेतु ट्रैक सूट वितरित किए गए। इस सहयोग से बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से झलक रहा था,वहीं विद्यालय परिसर अपनत्व,आत्मीयता और उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ.राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों-समानता,अधिकार और कर्तव्य की सतत स्मृति कराता है। उन्होंने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए विद्यालय परिवार,जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय जनता के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में यदि किसी भी निर्धन छात्र-छात्रा को लेखन सामग्री, विद्यालय ड्रेस अथवा अन्य शैक्षणिक सामग्री की आवश्यकता होगी,तो वे हर संभव प्रयास कर सहयोग उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित न हो,यही उनका संकल्प है। डॉ.भंडारी की इस घोषणा का उपस्थितजनों ने करतल ध्वनि के साथ स्वागत किया और इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक संवेदनशील एवं सराहनीय पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने इस पहल को समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास न केवल बच्चों का मनोबल बढ़ाते हैं,बल्कि उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। वक्ताओं ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि समाज के जागरूक लोग आगे आएं,तो ग्रामीण विद्यालय भी गुणवत्ता और सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान बना सकते हैं। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल सिंह मनराल,पूर्व प्रधान एवं सामाजिक कार्यकर्ता मोहन सिंह मनराल,ग्राम प्रधान दिनेश राम,सामाजिक कार्यकर्ता शंकर शर्मा,पूर्व प्रधानाध्यापिका सरस्वती भंडारी, ललिता शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह रावत सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक हरि नंदन जोशी ने किया। वहीं शिक्षिकाएं ममता एवं रेणुका के निर्देशन में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह रावत ने स्वागत एवं समापन भाषण देते हुए राष्ट्रीय पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला तथा रोटेरियन डॉ.राजेंद्र सिंह भंडारी का विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया। यह आयोजन यह सिद्ध कर गया कि शिक्षा,सेवा और संवेदना के समन्वय से ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रखी जाती है।