चमोली में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस-प्रभारी मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली में 77 वां गणतंत्र दिवस सोमवार को हर्षोल्लास,उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली में 77 वां गणतंत्र दिवस सोमवार को हर्षोल्लास,उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही राष्ट्रीय पर्व का उल्लास देखने को मिला। प्रातःकाल स्कूली बच्चों द्वारा हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरियां निकाली गईं,वहीं जनपद के समस्त शैक्षणिक संस्थानों एवं सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किए गए। जिले का मुख्य समारोह पुलिस मैदान गोपेश्वर में आयोजित हुआ,जहां पुलिस विभाग द्वारा भव्य एवं अनुशासित रैतिक परेड प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद प्रभारी मंत्री एवं विद्यालयी शिक्षा,उच्च शिक्षा,सहकारिता,चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा दुग्ध विकास मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्य कार्यक्रम से पूर्व प्रभारी मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने शहीद पार्क पहुंचकर वीर शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर वातावरण देशप्रेम और सम्मान की भावना से ओतप्रोत नजर आया। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं संदेशपरक झांकियों का प्रदर्शन किया गया,जिनमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं,विकास कार्यों एवं सामाजिक सरोकारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। झांकियों ने उपस्थित जनसमूह का विशेष ध्यान आकर्षित किया। अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान के लागू होने का गौरवशाली दिवस है। यह दिन हमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग,बलिदान और संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान समानता,न्याय,स्वतंत्रता और भाईचारे जैसे मूल मूल्यों पर आधारित है और इन आदर्शों को आत्मसात कर ही हम एक समावेशी,सशक्त एवं विकसित भारत का निर्माण कर सकते हैं। डॉ.रावत ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार नशामुक्त एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान कर्तव्यनिष्ठा,कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान के लिए उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी,संजय नेगी एवं मानवेंद्र गोसाईं को सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए कुमारी स्वाती बड़वाल,सरोजिनी,भावेश तिवारी,राज,नवीन,श्रेय किमोठी एवं हुजैफा नाज को पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं बहादुरी एवं साहसिक कार्यों के लिए देवेश प्रसाद मलेठा,पंकज कुमार,आरव,दिव्या एवं दीपिका को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कोषागार विभाग के कार्मिकों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया। विभागीय झांकियों की प्रतियोगिता में ग्राम विकास विभाग की झांकी को प्रथम,उद्यान विभाग को द्वितीय तथा स्वास्थ्य विभाग को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टमटा,नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर संदीप रावत,नगर पालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग गणेश शाह,भाजपा जिला महामंत्री अरुण मैठाणी एवं विनोद कनवासी,जिलाधिकारी गौरव कुमार,पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार,मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी,अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित जनपद के सभी जिला स्तरीय अधिकारी,कर्मचारी,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। चमोली में मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस समारोह अनुशासन,राष्ट्रभक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रेरणादायी एवं यादगार उत्सव बनकर उभरा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...