
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल विकास खण्ड अंतर्गत समग्र शिक्षा अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज किनसुर में एसएमसी एवं पीटीए की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते जंगली जानवरों के हमलों से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा आगामी प्री-बोर्ड,बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी को लेकर अभिभावकों को जागरूक करना रहा। बैठक में संकुल क्षेत्र के बागी,तैड़ी,पोगठा,हतनूड़,मैठाणा एवं उमन सहित आसपास के गांवों से विद्यालय आने वाले बच्चों के अभिभावकों की सहभागिता रही। एसएमसी द्वारा अभिभावकों से अपील की गई कि बच्चे विद्यालय आते-जाते समय समूह में चलें,ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। क्षेत्र के पूर्व प्रधान दीपचंद शाह ने विशेष रूप से उन बच्चों की ओर ध्यान आकृष्ट किया जिनका मार्ग घने जंगलों से होकर गुजरता है। उन्होंने ऐसे अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को कुछ दूरी तक स्वयं छोड़ने-लाने की व्यवस्था करें। साथ ही उन्होंने जंगली जानवरों से बचाव एवं जागरूकता हेतु सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और ग्राम पंचायत की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल सिंह ने अभिभावकों से समय-समय पर विद्यालय आकर बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं पर संवाद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर समन्वय से ही बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है। बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने भी बच्चों की सुरक्षा,नियमित उपस्थिति,अध्ययन अनुशासन और परीक्षाओं की तैयारी को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे। शिक्षकों ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे घर पर भी बच्चों के अध्ययन के लिए सकारात्मक वातावरण बनाएं और उनकी दिनचर्या पर ध्यान दें। इस अवसर पर शिक्षक सुरेश चन्द्र भट्ट,मलखान सिंह,ऋचा ध्यानी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और अभिभावकों-विद्यालय के साझा प्रयासों से बच्चों की सुरक्षा व शैक्षिक गुणवत्ता को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।