जनपद की रैंकिंग सुधारने को सीडीओ का सख्त रुख-लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में विकास योजनाओं की गति तेज करने और राज्य स्तर पर रैंकिंग सुधारने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने सख्त तेवर अपनाते हुए

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में विकास योजनाओं की गति तेज करने और राज्य स्तर पर रैंकिंग सुधारने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने सख्त तेवर अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विकास भवन स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित पच्चीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपना वार्षिक कार्य कैलेंडर शीघ्र तैयार कर जिला अर्थ एवं संख्या विभाग को उपलब्ध कराएं,ताकि आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध,पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जा सके। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पच्चीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत रैंकिंग और गैर-रैंकिंग,दोनों प्रकार की योजनाएं संचालित होती हैं। रैंकिंग वाली योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन मासिक आधार पर किया जाता है,जबकि गैर-रैंकिंग योजनाओं की समीक्षा वार्षिक आधार पर होती है। ऐसे में सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि रैंकिंग श्रेणी की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट हर माह अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए,जिससे जनपद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से सामने आ सके। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को भेजी जाने वाली सभी सूचनाएं पूर्णतः त्रुटिरहित,तथ्यपरक और अद्यतन होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अपूर्ण जानकारी से जनपद की रैंकिंग प्रभावित होती है,जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीडीओ ने कहा कि उत्तराखण्ड में पच्चीस सूत्री कार्यक्रम राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं की निगरानी का एक प्रभावी माध्यम है। इसके अंतर्गत गरीबी उन्मूलन,रोजगार सृजन,ग्रामीण विकास,शिक्षा,स्वास्थ्य,महिला एवं बाल विकास,पेयजल,कृषि उन्नयन तथा आधारभूत संरचनाओं से जुड़ी योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाती है,ताकि विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और जनपदों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं को गंभीरता से लें और निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें। साथ ही योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय,जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने,ग्राम पंचायत राज अधिकारी जितेन्द्र कुमार,मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा,जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भण्डारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सीडीओ ने दोहराया कि जनपद की रैंकिंग सुधारना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...