जनसुरक्षा,स्वच्छता और सौंदर्यीकरण व विकास हेतु सीसीटीवी व जननायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्मृति द्वार सहित कई अहम प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई की मांग

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। नगर विकास,जनसुरक्षा और स्वच्छता को लेकर वार्ड संख्या 18 गणेश बाजार में अब निर्णायक पहल और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अब ठोस पहल की मांग तेज हो

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। नगर विकास,जनसुरक्षा और स्वच्छता को लेकर वार्ड संख्या 18 गणेश बाजार में अब निर्णायक पहल और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अब ठोस पहल की मांग तेज हो गई है। क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को लगातार उठाते आ रहे पार्षद झाबर सिंह रावत ने नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भण्डारी एवं नगर आयुक्त नुपुर वर्मा को पत्र प्रेषित कर वार्ड के चहुंमुखी विकास से जुड़े लंबित प्रस्तावों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। पार्षद रावत ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते इन प्रस्तावों पर अमल नहीं किया गया तो आम नागरिकों की परेशानियां और अधिक बढ़ सकती हैं। पार्षद झाबर सिंह रावत ने कहा कि वार्ड 18 में यातायात सुगमता,स्वच्छता,जनसुरक्षा,पेयजल और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य वर्षों से लंबित हैं। इनका क्रियान्वयन न केवल स्थानीय नागरिकों की दैनिक समस्याओं का समाधान करेगा,बल्कि क्षेत्र के व्यवस्थित विकास को भी नई दिशा देगा। अपने पत्र में पार्षद रावत ने रामलीला मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में रामलीला मैदान के मुख्य चौराहे पर गढ़वाल ड्राई हाउस की दिशा में,मंच के पीछे के क्षेत्र में तथा वाल्मीकि बस्ती से बहुगुणा मार्ग की ओर असामाजिक तत्वों द्वारा खुले में शौच,कूड़ा फैलाने और नालियों में गंदगी डालने की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे क्षेत्र की स्वच्छता,वातावरण और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में इन तीनों संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाना अत्यंत आवश्यक है,ताकि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही पार्षद रावत ने गरुड़ मंदिर चौराहे पर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पेशावर कांड के जननायक स्व.वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्मृति में स्मृति द्वार निर्माण के प्रस्ताव को ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ-साथ नगर की सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त करेगा। वार्ड 18 के अंतर्गत रामलीला मैदान मार्ग पर राहुल बहुगुणा भवन से नगर निगम जूनियर हाई स्कूल की गली तक इंटरलॉक टाइल्स निर्माण तथा रामलीला मैदान मार्ग के अंतिम छोर पर महेंद्र कुमार के भवन से वाल्मीकि बस्ती,बहुगुणा पैदल मार्ग तक सीसी सड़क निर्माण को भी पार्षद रावत ने जनहित में अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि इन मार्गों की जर्जर स्थिति के कारण स्थानीय नागरिकों,बुजुर्गों और विद्यार्थियों को वर्षों से आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पार्षद रावत ने वाल्मीकि बस्ती में अशोक के भवन के समीप स्थित विद्युत पोल को शिफ्ट किए जाने,पांडे गली में दोनों ओर नालियों के पुनर्निर्माण एवं सड़क पर इंटरलॉक टाइल्स बिछाने तथा रामलीला मैदान के मुख्य गेट पर स्थित पुरानी एवं जर्जर पेयजल टंकी को हटाकर नई आधुनिक टंकी के निर्माण की मांग को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि पुरानी टंकी से हो रहे जल रिसाव के कारण सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहा है और सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। पार्षद झाबर सिंह रावत ने नगर निगम प्रशासन से अपील की कि जनहित से जुड़े इन सभी प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निर्णय लेते हुए कार्यवाही प्रारंभ की जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि महापौर आरती भण्डारी एवं नगर आयुक्त नुपुर वर्मा के नेतृत्व में वार्ड 18 को विकास की नई दिशा मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से ही श्रीनगर के प्रत्येक वार्ड को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित किया जा सकता है,और वार्ड 18 के नागरिक अब इन विकास कार्यों के शीघ्र धरातल पर उतरने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...