
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत विकासखंड पौड़ी की न्याय पंचायत कंडारा में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राज्यमंत्री/उपाध्यक्ष,राज्य स्तरीय जलागम परिषद,रमेश सिंह गड़िया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बुधवार को आयोजित शिविर में राज्यमंत्री रमेश सिंह गड़िया ने कहा कि इस प्रकार के शिविर आमजन को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित व समयबद्ध समाधान पर बल देते हुए कहा कि इससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचता है। न्याय पंचायत कंडारा में आयोजित शिविर में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कुल 23 शिकायतें दर्ज कराई गई,जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने बताया कि शिविर के दौरान विद्युत,पेयजल,घेरबाड़ सहित विभिन्न प्रकार की 23 समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर किया गया तथा शेष समस्याओं को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लगभग 387 ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वहीं 16 लोगों द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु आवेदन किए गए। शिविर में ज्येष्ठ प्रमुख अर्चना तोपाल,खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद,क्षेत्र पंचायत सदस्य कंडारा कुसुम खंडूड़ी,उरेगी यशोदा देवी,निसनी संजय सिंह,ग्राम प्रधान कंडारा शांति देवी,कमेडा सुमन प्रसाद,डुबलिया सुरेश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।