
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला गंगा समिति की मासिक बैठक मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। बैठक में कूड़ा निस्तारण,ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए। मुख्य विकास अधिकारी ने फूलचट्टी सेवा आश्रम क्षेत्र से प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि स्नान घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर चालानी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गंगा की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है। वहीं स्वर्गाश्रम क्षेत्र में प्रस्तावित केएलडी (क्षमता आधारित संयंत्र) का संचालन जनवरी माह के अंत तक,जबकि नीलकंठ क्षेत्र में निर्माणाधीन केएलडी को मार्च माह तक प्रारंभ किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा पौड़ी नगर में श्रीनगर मार्ग पर लीगेसी वेस्ट निस्तारण को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। इस संबंध में नगर पालिका पौड़ी को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए उपयुक्त भूमि शीघ्र चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। वहीं कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में एसटीपी का कार्य प्रारंभ हो चुका है,जिसे तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी नगर निगम,नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित कूड़ा निस्तारण का अद्यतन डाटा पेयजल निगम श्रीनगर को उपलब्ध कराएं,ताकि एक प्रभावी एवं व्यवहारिक एक्शन प्लान तैयार किया जा सके। उन्होंने कूड़ा उठान वाहनों के रूट निर्धारण,कार्ययोजना निर्माण,तथा सूखा एवं गीला कूड़ा पृथक्करण को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को अब तक की गई कार्यवाही की अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने और ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीओ वन आयशा बिष्ट,जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।