
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाजिस कलीम की अध्यक्षता में विश्व कैंसर दिवस की थीम यूनाइटेड बाय यूनिक को लेकर जिला चिकित्सालय पौड़ी में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने मौजूद लोगों को कैंसर के प्रकार,लक्षण,पहचान,बचाव एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ.शशांक उनियाल ने मुंह के कैंसर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यदि मुंह में घाव एक माह बाद भी न भरे,मुंह खोलने में कठिनाई हो,चबाने या निगलने में परेशानी हो,तो यह मुंह के कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि मुंह के कैंसर का एक बड़ा कारण धूम्रपान,गुटखा,तंबाकू आदि का सेवन है। ऐसे में लोगों को इनका सेवन छोड़ना चाहिए और समय-समय पर मुंह की जांच कराते रहना चाहिए,ताकि गंभीर बीमारी की शुरुआत में ही पहचान हो सके और समय रहते उपचार शुरू किया जा सके। वहीं डॉ.अलीशा ने महिलाओं को स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के बारे में जागरूक करते हुए स्वयं स्तन परीक्षण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाएं नियमित जांच के माध्यम से प्रारंभिक स्तर पर स्तन कैंसर की संभावना की पहचान कर सकती हैं। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिस कलीम ने कहा कि पहले कैंसर को लेकर लोगों में भय रहता था और इस विषय पर खुलकर बात नहीं होती थी। लेकिन अब चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर शोध जारी है और समय से कैंसर का पता चल जाए तो उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि विश्व कैंसर दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों में कैंसर जैसी घातक बीमारी को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। वर्तमान समय में खानपान,रहन-सहन और दूषित वातावरण के कारण कैंसर के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है,इसलिए समय-समय पर जांच कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियानों की सफलता के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल ने कहा कि कैंसर देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर बड़ी समस्या बन चुका है। उन्होंने बताया कि 30 से 69 वर्ष आयु वर्ग के लोगों में कैंसर का खतरा अधिक रहता है। उन्होंने बताया कि विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चलाए जा रहे 100 दिवसीय गैर संचारी रोग रोकथाम एवं बचाव अभियान का शुभारंभ किया गया है,जो आज से 14 मई 2026 तक चलेगा। अभियान के तहत जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में निःशुल्क रक्तचाप,शुगर,मुंह के कैंसर,गर्भाशय एवं स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग तथा संदर्भन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने लोगों से तंबाकू और शराब से दूर रहने तथा नियमित स्क्रीनिंग कराने की अपील की। इस अवसर पर सीएमएस जिला चिकित्सालय पौड़ी एल.डी.सेमवाल,गैर संचारी रोग परामर्शदाता श्वेता गुंसाई,सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा उनियाल,विनोद,राखी,अमीषा,विधि,शकुन्तला नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।