
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आमजन को न्याय तक सहज पहुंच और निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यरत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी की ओर से निरंतर निगरानी और सुधार की पहल जारी है। इसी क्रम में आज 30 अक्टूबर 2025 को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी नाजिश कलीम ने जिला चिकित्सालय पौड़ी में संचालित विधिक सेवा एवं सहायता केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों एवं जिला जज/अध्यक्ष,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी के आदेशानुसार किया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने केंद्र पर उपलब्ध विधिक परामर्श,निःशुल्क सहायता और जन-जागरूकता संबंधी गतिविधियों का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सचिव नाजिश कलीम ने केंद्र पर तैनात कर्मचारियों से विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी ली तथा कहा कि विधिक सेवा केंद्रों का उद्देश्य केवल परामर्श देना नहीं,बल्कि आमजन को उनके संवैधानिक अधिकारों से परिचित कराना और उन्हें न्यायिक सहायता तक पहुंचाना है। उन्होंने सेवा प्रदायगी की गुणवत्ता और जनसंपर्क को और अधिक सशक्त बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सचिव ने यह भी सुनिश्चित किया कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की सभी योजनाओं,निःशुल्क परामर्श सेवाओं,पीड़ित सहायता और अधिकार संबंधी जानकारी सहज व स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो। कलीम ने केंद्र पर मौजूद नागरिकों से भी संवाद स्थापित किया और उन्हें बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के आर्थिक रूप से कमजोर,असहाय,महिला,बालक,वरिष्ठ नागरिक और श्रमिक वर्ग के लिए निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि न्याय सबके लिए सुलभ हो यही विधिक सेवा प्राधिकरण का ध्येय है। समाज के हर वर्ग को इस व्यवस्था से जुड़ना चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रह सके। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी लें,कानूनी परामर्श प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की सहायता हेतु नजदीकी विधिक सेवा केंद्र से संपर्क करें। निरीक्षण के दौरान सचिव ने केंद्र की दस्तावेजी प्रक्रिया,रिकॉर्ड प्रबंधन,शिकायत निवारण और परामर्श व्यवस्था का भी बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्र समाज के कमजोर तबकों के लिए न्याय तक पहुंच का सेतु हैं,इसलिए इनकी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इस निरीक्षण से स्पष्ट संदेश गया है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जनता को न्यायिक सहायता और अधिकारों की जानकारी देने के अपने मिशन को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रहा है।