स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत से लगाई न्याय की गुहार सौंपा ज्ञापन

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम के अंतर्गत पौड़ी जनपद में कार्यरत विजिलैंड आउटसोर्स कंपनी के कर्मचारियों को पिछले तीन माह से मानदेय न मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। समय पर भुगतान न होने और मानदेय से लगातार कटौती किए जाने से आक्रोशित कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत से भेंट कर अपनी पीड़ा साझा की और समस्या के समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि विजिलैंड आउटसोर्स कंपनी द्वारा न तो समय पर मानदेय का भुगतान किया जा रहा है और न ही पारदर्शी तरीके से भुगतान की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसके चलते कर्मचारियों को दैनिक आवश्यकताओं,बच्चों की पढ़ाई और घर खर्च तक में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि एनएचएम के तहत जिले में डाटा एंट्री ऑपरेटर,ब्लॉक लेखा प्रबंधक,एएनएम,फार्मासिस्ट,आयुर्वेदिक चिकित्सक,आरकेएसके काउंसलर सहित अनेक पदों पर आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं। ये कर्मचारी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं,बावजूद इसके उन्हें समय पर मानदेय तक नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी द्वारा मानदेय से अनावश्यक कटौती भी की जा रही है,जिससे पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारियों की स्थिति और भी दयनीय हो गई है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो इसका सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर पड़ेगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कर्मचारियों की बात गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर संबंधित कंपनी से जवाब तलब किया जाएगा और कर्मचारियों को शीघ्र मानदेय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में शुभम रावत,शिवांगी,निर्मला,अंजली सहित अन्य आउटसोर्स कर्मचारी शामिल रहे।