
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में विकासखंड थलीसैंण में समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में जन सुविधा/बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। शिविर में समाज कल्याण,कृषि,बाल विकास,उद्यान,विद्युत,स्वास्थ्य सहित कई विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित किए गए,जहां उपस्थित नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मौके पर ही 10 दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए,जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त समाज कल्याण विभाग द्वारा तीन दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र तथा दो दिव्यांगजनों को सहायक छड़ी प्रदान की गयी। जन सुविधा शिविर के दौरान नागरिकों की कुल 8 शिकायतें दर्ज की गयी,जिनके त्वरित निस्तारण हेतु उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। उप जिलाधिकारी ने स्वयं विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की। कार्यक्रम में वरिष्ठ उप प्रमुख मनवर सिंह,कनिष्ठ उप प्रमुख राजशेखर,विधायक प्रतिनिधि विजेंद्र भंडारी,जिला पंचायत सदस्य व्यासी प्रतिनिधि आशाराम पोखरियाल,खंड विकास अधिकारी टीकाराम कोटियाल,बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत,सहायक समाज कल्याण अधिकारी शालिनी बलोदी सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से प्रशासन द्वारा सेवा,समाधान और संतोष की भावना के साथ जनसुविधाओं को ग्रामीण स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का प्रयास किया गया।