

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। थाना दिवस के अवसर पर बुधवार 10 दिसंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने कोतवाली श्रीनगर पहुंचकर क्षेत्रीय नागरिकों से सीधे संवाद किया। एसएसपी ने जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए लोगों की शिकायतें,सुझाव और समस्याएं बेहद गंभीरता से सुनीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य जनता को सुरक्षित,सहज और निष्पक्ष माहौल प्रदान करना है,इसलिए प्रत्येक शिकायत का त्वरित और पारदर्शी समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। निरीक्षण के दौरान एसएसपी पंवार ने क्षेत्राधिकारी श्रीनगर एवं प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर को सख्त निर्देश दिए कि थाने में आने वाली हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई हो,समाधान समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए,किसी भी तरह की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अपराध,संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी सूचना को बिना संकोच पुलिस तक पहुंचाएं,ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। थाना दिवस के महत्व पर बोलते हुए एसएसपी ने कहा कि यह पहल जनता और पुलिस के बीच संवाद सेतु का काम करती है तथा पुलिसिंग की पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत बनाती है। उन्होंने पुलिस टीम को यह भी निर्देशित किया कि नियमित गश्त और क्षेत्र भ्रमण को बढ़ाया जाए,नशीले पदार्थों से संबंधित गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए,संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग व्यवस्था और अधिक सख्त की जाए,यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। युवा वर्ग को नशे से दूर रखने हेतु एसएसपी ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों का यूरिन किट से स्वास्थ्य परीक्षण आयोजित किए जाएं,ताकि नशे के दुष्प्रभावों की रोकथाम समय पर की जा सके और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि का शीघ्र पता लगाया जा सके। थाना दिवस का यह कार्यक्रम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के साथ ही पुलिस-जन सहयोग को नई दिशा देता दिखाई दिया।