
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। शासन के निर्देश पर नगर पालिका परिषद देवप्रयाग द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा धूमधाम से मनाया जा रहा है। गुरुवार को वार्ड नंबर एक,तहसील क्षेत्र से अभियान की शुरुआत हुई,जहां नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा ममता देवी के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 100 किलो कूड़ा एकत्रित कर डंपिंग जोन तक पहुंचाया गया। अभियान में नगर निकाय के समस्त कर्मचारी,पर्यावरण मित्र तथा सहयोगी संस्था अ.ज.से.सं.के कर्मचारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। टीम भावना के साथ चलाए गए इस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भी हाथ बंटाया और स्वच्छता के महत्व को समझा। नगर पालिका अध्यक्षा ममता देवी ने बताया कि नगर निकाय क्षेत्र के चारों वार्डों में प्रतिदिन अलग-अलग स्थानों पर विशिष्ट स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। इसमें सभासदों के सहयोग से नगर के प्रत्येक नागरिक को जोड़ने का प्रयास होगा ताकि देवप्रयाग को स्वच्छ,स्वस्थ और सुंदर नगर के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने आगे कहा कि यह पखवाड़ा सिर्फ औपचारिकता नहीं,बल्कि जन-जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन का अभियान है। स्वच्छता से स्वास्थ्य सुधरेगा,पर्यावरण सुरक्षित होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा। कार्यक्रम में उपस्थित पर्यावरण मित्रों ने नारे लगाकर माहौल को जीवंत किया स्वच्छ नगर,सुंदर नगर-हमारा देवप्रयाग,गंदगी को दूर भगाएं,स्वच्छता का दीप जलाएं,जन-जन का एक ही नारा,स्वच्छ रहे घर-आंगन सारा। समापन पर सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि आने वाले दिनों में घर-घर और मोहल्लों में स्वच्छता का संदेश पहुंचाया जाएगा और अभियान को एक जनांदोलन का रूप दिया जाएगा। देवप्रयाग में यह पखवाड़ा केवल सफाई का आयोजन नहीं,बल्कि नागरिक चेतना का उत्सव बनता दिख रहा है।