
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में कीर्तिनगर से लेकर मलेथा और बागवान देवप्रयाग तक सड़कें बदहाल हालात में पहुंच चुकी हैं। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों ने सड़क को खतरे का जाल बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार और विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं,क्योंकि पिछले कई हफ्तों से इन गड्ढों की मरम्मत तक नहीं की गई है। कीर्तिनगर के मुख्य बाजार से लेकर राजमार्ग तक रोजाना हजारों लोग,स्कूली बच्चे,कर्मचारी और यात्री आवागमन करते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहनों के चेंबर टूट रहे हैं,स्कूटी और बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। लगातार बढ़ते हादसों ने स्थानीय जनता में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। कांग्रेस के युवा नेता रामलाल नौटियाल ने कहा कि सरकार और विभाग जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। यदि शीघ्र सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो हमें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश होना पड़ेगा। वहीं सेवादल के जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो कीर्तिनगर की जनता के साथ मिलकर एक बड़ा जन आंदोलन छेड़ा जाएगा। जनता अब चुप नहीं बैठेगी। स्थानीय लोगों ने भी विभाग से तत्काल गड्ढों को भरने और सड़क मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात के बाद सड़क की हालत और भी बदतर हो गई है, जिससे हर दिन दुर्घटनाओं का खतरा मंडरा रहा है। जनता अब यह सवाल पूछ रही है कि आखिर कब तक देवप्रयाग विधानसभा की सड़कें इस बदहाली का दंश झेलती रहेंगी।