देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक व धार्मिक नगरी श्रीनगर में विकास का नया अध्याय-शहर को मिली स्वच्छता- सौंदर्य की नई पहचान

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक,शैक्षिक और धार्मिक नगरी श्रीनगर में नगर निगम ने ऐसा ऐतिहासिक कार्य कर दिखाया है,जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बनेगा। नर्सरी रोड

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक,शैक्षिक और धार्मिक नगरी श्रीनगर में नगर निगम ने ऐसा ऐतिहासिक कार्य कर दिखाया है,जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बनेगा। नर्सरी रोड स्थित नए रेलवे पुल के समीप वह स्थान,जो बीते लगभग 40-50 वर्षों से कूड़े के ढेर और अस्थायी ट्रेंचिंग ग्राउंड के रूप में जाना जाता था,आज एक सुंदर,स्वच्छ और आकर्षक रजत जयंती पार्क (वेस्ट टू वंडर पार्क) तथा आधुनिक पार्किंग के रूप में शहर को नई पहचान देने जा रहा है। दशकों तक इस क्षेत्र से उठती दुर्गंध,मच्छर-मक्खियों और बीमारियों की आशंका ने आधे शहर को परेशान कर रखा था। लोग इस स्थान से गुजरते समय नाक पर रूमाल रखने को मजबूर थे। लेकिन श्रीनगर नगर निगम के एक वर्ष के कार्यकाल में ही इस बदनुमा तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया गया। कूड़े के पहाड़ को हटाकर,उसी स्थान को सौंदर्य,स्वच्छता और जनोपयोगी विकास का प्रतीक बना देना नगर निगम की दूरदर्शी सोच और मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाता है। नगर निगम बोर्ड के गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस ऐतिहासिक परिवर्तन का भव्य उद्घाटन कल 7 फरवरी को किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत,श्रीनगर की महापौर आरती भण्डारी,नगर निगम के सभी सम्मानित पार्षद,नगर आयुक्त नुपुर वर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। महापौर आरती भण्डारी ने पदभार ग्रहण करते ही वर्षों से शहरवासियों के लिए अभिशाप बने इस कूड़ा डंपिंग स्थल को हटाने और श्रीनगर को स्वच्छ,सुंदर व स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया था। उनके नेतृत्व में नगर निगम ने लगातार प्रयास करते हुए इस चुनौतीपूर्ण कार्य को अंजाम तक पहुंचाया। आज उसी का परिणाम है कि बदबू और गंदगी का पर्याय रहा स्थान अब हरियाली,सौंदर्य और सुविधा का केंद्र बन गया है। इससे न केवल क्षेत्र की स्वच्छता और सौंदर्य में वृद्धि हुई है,बल्कि जनस्वास्थ्य पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उद्घाटन समारोह को सांस्कृतिक रंग देने के लिए सुप्रसिद्ध लोकगायक रोहित चौहान एवं उनके साथी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगे। इस अवसर पर नगर निगम द्वारा शहर को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात भी दी जाएगी। इनमें रजत जयंती पार्क (वेस्ट टू वंडर पार्क) का लोकार्पण,महादेव पार्किंग एवं रजत जयंती पार्किंग का उद्घाटन,वाल्मीकि चौक का भूमि पूजन,इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का शिलान्यास,मां धारी देवी ग्लो-साइन बोर्ड का शुभ उद्घाटन,श्वान पशु बंध्याकरण हेतु एबीसी कैंपस का लोकार्पण तथा डांग सिन्द्रिगाड से ऐठाना एवं ग्लास हाउस रोड तक विद्युत स्तंभों का लोकार्पण शामिल है। नगर निगम श्रीनगर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें और श्रीनगर की विकास यात्रा में सहभागी बनें। इस मौके पर महापौर आरती भण्डारी ने कहा श्रीनगर को स्वच्छ,सुंदर और स्वस्थ बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। दशकों से कूड़े के ढेर और दुर्गंध से जूझ रहे इस क्षेत्र को आज एक सुंदर पार्क और उपयोगी पार्किंग के रूप में विकसित किया गया है। यह केवल एक पार्क नहीं,बल्कि श्रीनगर शहर के सकारात्मक बदलाव,पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की सोच का प्रतीक है। आने वाले समय में नगर निगम श्रीनगर को एक आदर्श शहर के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। निस्संदेह कूड़े के ढेर से खूबसूरत पार्क तक का यह सफर श्रीनगर नगर निगम के संकल्प,नेतृत्व और जनहितकारी सोच का जीवंत उदाहरण है,जो देवभूमि की इस पावन नगरी को स्वच्छता और विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकेत देता है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...