
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी नंदा गौरा योजना को लेकर महिलाओं व बेटियों के बीच बढ़ती जागरूकता और भारी आवेदन संख्या को देखते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने योजना की अंतिम तिथि बढ़ाने का बड़ा निर्णय लिया है। अब 20 दिसंबर 2025 तक इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रारंभिक चरण में 30 नवंबर आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी,लेकिन प्रदेशभर से मिला अभूतपूर्व प्रतिसाद एवं जन मिलन कार्यक्रमों में उठी आमजन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। रेखा आर्या ने कहा प्रदेश के कई परिवारों ने बताया कि पात्र होने के बावजूद तकनीकी कारणों,दस्तावेज़ी दिक्कतों व ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट की समस्या के कारण वे आवेदन नहीं कर पाए। हमारी कोशिश है कि कोई भी पात्र बेटी इस योजना से वंचित न रहे। इसी भावना के साथ विभाग ने अंतिम तिथि को 20 दिसंबर 2025 तक बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया है। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत-जन्म पर 11,000 रुपए,12 वीं उत्तीर्ण करने पर 51,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। अब तक दोनों श्रेणियों में 30,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और संख्या लगातार बढ़ रही है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि रह जाएगी,उन्हें 21 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक सुधार का मौका दिया जाएगा। मंत्री रेखा आर्या ने दो टूक कहा 31 दिसंबर के बाद न तारीख बढ़ाई जाएगी और न ही फाॅर्म में सुधार का कोई मौका मिलेगा। अतः सभी लोग समय रहते आवेदन सुनिश्चित करे। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारी तैनात सहायता के लिए करें संपर्क-विभाग ने जनहित में निर्देशित किया है कि किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए आवेदक अपने जिले के जिलाधिकारी कार्यालय,बाल विकास परियोजना कार्यालय,महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग से संपर्क कर सकते हैं। राज्य सरकार द्वारा नंदा गौरा जैसी योजनाएं बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। अंतिम तिथि बढ़ाना उन परिवारों के लिए राहत भरा निर्णय है जो अब तक योजना से वंचित रह रहे थे। यह कदम निश्चित ही ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों को शिक्षा एवं सुरक्षा का मजबूत आधार प्रदान करेगा।