
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के पुलिस भौतिक सत्यापन एवं पहचान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता कुशलानाथ ने नगर निगम महापौर आरती भण्डारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि नगर निगम द्वारा आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से बड़ी संख्या में कर्मचारी लगाए गए हैं,जिनका कार्य मुख्य रूप से गली-मोहल्लों से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाना है। ऐसे में यह आवश्यक है कि हर कर्मचारी का पुलिस भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। कुशलानाथ ने कहा कि ये कर्मचारी सीधे घर-घर जाकर नागरिकों से संपर्क करते हैं,इसलिए उनके प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है। यदि प्रत्येक कर्मचारी के पास पहचान पत्र होगा और उसका सत्यापन होगा,तो लोगों के मन में किसी प्रकार की शंका या असुरक्षा की भावना नहीं रहेगी। ज्ञापन में विशेष रूप से यह मांग की गई कि आउटसोर्स एजेंसी के ठेकेदार को निर्देशित किया जाए कि हर कर्मचारी के गले में आईडी कार्ड अनिवार्य हो। नगर निगम क्षेत्र में प्रत्येक सफाई कर्मचारी हेड को कितने वार्ड आवंटित हैं,इसकी स्पष्ट सूची निगम कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए। प्रत्येक सफाई कर्मचारी हेड का मोबाइल नंबर सहित विवरण संबंधित वार्डों में सार्वजनिक किया जाए,ताकि नागरिक सीधे शिकायत व सुझाव साझा कर सकें। महापौर आरती भण्डारी ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख दिखाया और आश्वासन दिया कि इस विषय पर शीघ्र ही ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे,जिससे सफाई व्यवस्था में पारदर्शिता और मजबूती आए। ज्ञापन सौंपने वाले सामाजिक कार्यकर्ता कुशलानाथ ने कहा कि यह पहल जनता के विश्वास को मजबूत करेगी और नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाएगी। स्थानीय नागरिकों ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे सुरक्षा और व्यवस्था दोनों में सुधार होगा।