
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने नगर निगम के एक वर्ष पूर्ण होने पर मेयर,पार्षदों और नगर निगम परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीनगर नगर निगम का गठन लंबे संघर्षों के बाद संभव हुआ है और यह शहर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नगर निगम बनने के बाद शहर को अधिक बजट मिल रहा है,जिससे विकास कार्यों को रफ्तार मिली है। उन्होंने कहा कि आज एक ही दिन में कुल छह कार्यक्रम संपन्न कराए गए,जिनमें रजत जयंती पार्क और महादेव पार्किंग का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही धारी देवी साइन ग्लो बोर्ड का उद्घाटन किया गया। गौशाला के पास एबीसी सेंटर (एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर) का लोकार्पण हुआ। इसके अलावा इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) चार्जिंग केंद्र का शिलान्यास किया गया और वाल्मीकि चौक निर्माण का भूमि पूजन भी कराया गया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रीनगर में कूड़े के निस्तारण को लेकर लंबे समय से समस्या बनी हुई थी। इसे देखते हुए नया डंपिंग जोन चयनित किया गया,जिसके लिए लंबे संघर्षों के बाद सहमति बनी। उन्होंने बताया कि चयनित स्थल पर ट्रेचिंग ग्राउंड की शुरुआत हो चुकी है,जिससे नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि नए पार्क के पीछे नदी का कटाव लगातार बढ़ रहा है,जिससे क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। इसे रोकने के लिए 16 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य कराया जाएगा। साथ ही कहा कि नगर पालिका के समय श्रीनगर का बजट सीमित था,लेकिन नगर निगम बनने के बाद बजट में बढ़ोतरी हुई है,जिससे शहर में बड़े विकास कार्य संभव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के नए कार्यालय के लिए डीपीआर डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर कार्य चल रहा है। जिसके बाद शीघ्र ही धनराशि भी रिलीज की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस वर्ष अभी तक 10 गरीब परिवारों को मकान उपलब्ध कराए गए हैं,जबकि पूरी विधानसभा में अब तक 2900 आवास बनाकर दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर बिजली की लाइनें घरों के ऊपर से गुजर रही हैं,ऐसे स्थानों की सूची पार्षद उपलब्ध कराएं,ताकि लाइन शिफ्टिंग और कनेक्शन सुधार का कार्य तेजी से कराया जा सके। मंत्री ने बताया कि अलकेश्वर घाट का पुनर्निर्माण कार्य शुरू हो रहा है और जल्द ही इसका भूमि पूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब तक 27 हजार लोगों को नौकरी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरे प्रदेश में 50 रजत जयंती पार्क बनाने की घोषणा की है। वहीं श्रीनगर में घर-घर 24 घंटे पानी उपलब्ध कराने के लिए 70 करोड़ रुपये की पेयजल योजना स्वीकृत की जाएगी। इसके साथ ही पौड़ी को भी 60 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाएं दी जाएंगी। इस अवसर पर मेयर नगर निगम श्रीनगर आरती भण्डारी,उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।