हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सतपुली के बिलखेत में आयोजित तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल के दूसरे दिन रोमांच अपने शिखर पर पहुंच गया। कल जहां सांस्कृतिक संध्या ने लोकधुनों से घाटी को सराबोर किया था,वहीं आज नयार नदी की उफनती लहरों और पहाड़ी पगडंडियों पर साहसिक खेलों ने दर्शकों की धड़कनें तेज कर दीं। नदी के निर्मल प्रवाह के बीच एंगलिंग और कयाकिंग प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं,तो पहाड़ी ट्रैक पर माउंटेन बाइकिंग ने रोमांच की नई इबारत लिखी। एंगलिंग प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता कैच एंड रिलीज पद्धति के तहत आयोजित की जा रही है,जिसके अंतर्गत पकड़ी गई सभी मछलियों को सुरक्षित रूप से पुनः नदी में छोड़ दिया गया। बेंगलुरु से आए एंगलर ट्रेवर होम ने तीन महाशीर मछलियां पकड़ीं,जिनमें एक का वजन लगभग 2.5 किलोग्राम रहा। अल्मोड़ा के संजीव परोरिया ने तीन मछलियां पकड़ीं,जबकि चम्पावत जिले के पंचेश्वर निवासी संजय ने विभिन्न प्रजातियों की पांच मछलियां पकड़कर शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता ने जहां रोमांच का वातावरण बनाया,वहीं जैव विविधता संरक्षण का सशक्त संदेश भी दिया। कयाकिंग प्रतियोगिता में 22 से 25 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। तेज धाराओं और चुनौतीपूर्ण मोड़ों के बीच कयाकर्स ने अद्भुत संतुलन और साहस का प्रदर्शन किया। नदी की लहरों को चीरते हुए आगे बढ़ते प्रतिभागियों का आत्मविश्वास दर्शकों के लिए रोमांचकारी दृश्य बन गया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी के.एस.नेगी ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां नयार घाटी को राष्ट्रीय स्तर पर साहसिक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में सहायक होंगी। माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता में कुल 35 साहसिक खेल प्रेमियों ने प्रतिभाग किया। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और तीखे मोड़ों के बीच प्रतिभागियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ और सभी प्रतिभागियों को उपजिलाधिकारी रेखा आर्या द्वारा सम्मानित किया गया। विजेताओं को महोत्सव के समापन दिवस 28 फरवरी को सम्मानित किया जाएगा। उपजिलाधिकारी ने प्रतिभागियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र में साहसिक पर्यटन के विकास के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। जनसैलाब और सुदृढ़ व्यवस्थाएं दूसरे दिन आयोजन स्थल पर स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। नदी तट पर परिवारों,युवाओं और पर्यटकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रशासन द्वारा सुरक्षा,चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए,जिससे आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हुआ। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने कहा कि नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल का उद्देश्य नयार घाटी को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे,साथ ही स्थानीय व्यापारियों,होटल व्यवसायियों और स्वयं सहायता समूहों को भी सीधा लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान बिलखेत रश्मि देवी,जिला पर्यटन अधिकारी के.एस.नेगी,ऑर्गनाइजर अजय कंडारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। समग्र रूप से नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल का दूसरा दिन साहस,ऊर्जा और प्रकृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना जहां नयार की लहरों और पहाड़ों की चोटियों के बीच रोमांच ने नई ऊंचाइयों को छुआ।