नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल का ऐतिहासिक समापन-रोमांच,संस्कृति और संकल्प ने नयार घाटी को दिलाई राष्ट्रीय पहचान

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सतपुली-बिलखेत की सुरम्य वादियों में तीन दिनों तक गूंजती रही साहस की पुकार,लहरों पर तैरता उत्साह और आसमान में रंग बिखेरती उड़ानों के साथ नयार वैली एडवेंचर

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सतपुली-बिलखेत की सुरम्य वादियों में तीन दिनों तक गूंजती रही साहस की पुकार,लहरों पर तैरता उत्साह और आसमान में रंग बिखेरती उड़ानों के साथ नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल का भव्य समापन हुआ। यह महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहा,बल्कि नयार घाटी को उत्तराखंड के उभरते एडवेंचर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त पहल बनकर उभरा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शुभारंभ किए गए इस महोत्सव ने रोमांच और लोक-संस्कृति का ऐसा संगम प्रस्तुत किया,जिसने स्थानीय लोगों से लेकर देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों तक सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बांघाट से व्यासघाट तक बहती नयार नदी की तीव्र धाराओं में आयोजित कयाकिंग और कैच एंड रिलीज पद्धति पर आधारित एंगलिंग प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। साहसिक खेलों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया। दूसरे दिन रोमांच अपने चरम पर दिखाई दिया। हॉट एयर बैलून,पैरामोटरिंग और टेंडम पैराग्लाइडिंग ने आसमान को रंगों से भर दिया,जबकि खिर्सू से बिलखेत तक आयोजित माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों की सहनशक्ति और तकनीकी कौशल की कठिन परीक्षा ली। नदी तट पर कयाकिंग और एंगलिंग गतिविधियों को देखने के लिए पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा,चिकित्सा और तकनीकी व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजामों के बीच आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं ने इसे विशिष्ट आयाम प्रदान किया। पहली शाम सुप्रसिद्ध गायक संकल्प खेतवाल के मधुर लोकगीतों से सजी,जबकि दूसरी संध्या जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण के नाम रही। उनके जागरों ने पूरी घाटी को लोक-संस्कृति के रंग में रंग दिया और दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। समापन समारोह में विधायक राजकुमार पोरी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। माउंटेन बाइकिंग (पुरुष वर्ग) में प्रज्ज्वल प्रथम,नीरज भण्डारी द्वितीय और हिमांशु डबराल तृतीय रहे,जबकि महिला वर्ग में संध्या मौर्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फिश एंगलिंग में संजय परोरिया प्रथम रहे। क्याकिंग स्लालम और स्प्रिंट स्पर्धाओं में अमर सिंह ने दोहरी सफलता हासिल की। पैराग्लाइडिंग व्यक्तिगत स्पर्धा में मोहर सिंह अव्वल रहे,जबकि टीम इवेंट में एडवेंचर जोन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उभरती प्रतिभा के रूप में शीतल ठाकुर को राइजिंग स्टार सम्मान प्रदान किया गया। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि उत्तराखंड का पर्वतीय भू-भाग साहसिक खेलों के लिए स्वाभाविक रूप से उपयुक्त है। ऐसे आयोजन युवाओं को स्वरोजगार,कौशल विकास और पेशेवर अवसरों की दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय समुदाय,जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर कार्य करते हैं,तभी पर्यटन को आर्थिक समृद्धि में बदला जा सकता है। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने आयोजन को सामूहिक योजना और समन्वय का परिणाम बताते हुए कहा कि नयार घाटी को दीर्घकालिक दृष्टि से विकसित करने की रणनीति पर प्रशासन कार्य कर रहा है। प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग संस्थान और प्रशिक्षण आधारित गतिविधियों से क्षेत्र में स्थायी रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। तीन दिनों तक चले इस महोत्सव ने यह स्पष्ट कर दिया कि यदि प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित और योजनाबद्ध उपयोग किया जाए,तो पर्यटन स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन सकता है। नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल केवल एक उत्सव नहीं,बल्कि साहस,संस्कृति और विकास के संगम से उभरती नई पहचान का प्रतीक बन गया है। नयार घाटी अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि नहीं बल्कि रोमांच,रोजगार और राष्ट्रीय पहचान की नई उड़ान भरता एक सशक्त एडवेंचर हब बनकर सामने आ रही है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...