हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/पाबों/श्रीनगर गढ़वाल। नववर्ष 2026 के शांतिपूर्ण,सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर पाबों चौकी क्षेत्र में पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में पाबों व्यापार संघ के पदाधिकारी,स्थानीय व्यापारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता चौकी प्रभारी एसआई मुकेश गैरोला ने की। गोष्ठी में चौकी प्रभारी ने सभी व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से 31 दिसंबर एवं नववर्ष की पूर्व संध्या को पूरी तरह शांति,संयम और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नववर्ष का स्वागत उत्साह के साथ हो,लेकिन कानून एवं सामाजिक मर्यादाओं का पूर्ण पालन किया जाना आवश्यक है। एसआई मुकेश गैरोला ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना,हुड़दंग करना,लड़ाई-झगड़ा करना एवं सार्वजनिक शांति भंग करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के आसपास शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। बैठक में होटल,ढाबा एवं गेस्ट हाउस संचालकों को विशेष निर्देश देते हुए कहा गया कि ठहरने वाले यात्रियों व आगंतुकों की पहचान पत्र (आईडी) का रिकॉर्ड सुरक्षित रूप से अवश्य रखें,ताकि किसी भी अप्रिय घटना से समय रहते निपटा जा सके। इसके साथ ही सभी से कहा गया कि किसी भी आपात स्थिति या घटना की जानकारी 112 टोल फ्री नंबर अथवा नजदीकी पुलिस चौकी को तुरंत दें। साइबर अपराधों को लेकर भी चौकी प्रभारी ने लोगों को जागरूक किया। उन्होंने नववर्ष के अवसर पर आने वाले अनजान कॉल,संदिग्ध संदेश और अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने की सख्त सलाह दी। उन्होंने कहा कि साइबर ठग त्योहारों और नववर्ष जैसे अवसरों पर लोगों को लालच देकर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं,इसलिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। गोष्ठी के अंत में सभी उपस्थित व्यापारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और नववर्ष 2026 को शांति,सुरक्षा और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।