
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखण्ड के श्रीनगर स्थित केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में आज दिनांक 1 अप्रैल 2026 को गौरव और उत्साह का वातावरण देखने को मिला जब 26 वीं अखिल भारतीय पुलिस निशानेबाजी प्रतियोगिता 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लौटी एसएसबी निशानेबाजी टीम का भव्य स्वागत किया गया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 24 मार्च से 30 मार्च 2026 तक हरियाणा के गुरुग्राम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तत्वावधान में आयोजित की गई थी। उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए एसएसबी टीम ने श्रीनगर स्थित इसी प्रशिक्षण केंद्र में नियमित अभ्यास कर अपनी तैयारी को मजबूत किया था। टीम के शानदार प्रदर्शन ने न केवल सशस्त्र सीमा बल का गौरव बढ़ाया बल्कि उत्तराखण्ड की धरती को भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में एसएसबी टीम ने अपने सटीक निशाने और उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल 2 स्वर्ण,2 रजत एवं 1 कांस्य पदक अपने नाम किए। इस अवसर पर उप-महानिरीक्षक सुभाष चन्द नेगी ने टीम के सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके अनुशासन,समर्पण और कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी एसएसबी के जवान इसी प्रकार देश का नाम रोशन करते रहेंगे। पदक विजेताओं ने दिखाया शानदार प्रदर्शन-अनिल सिंह यादव (उप कमांडेंट) 50 गज त्वरित अभ्यास (पिस्टल) में स्वर्ण पदक,आरक्षी/सा.पांडिया राजा एस-50 गज त्वरित अभ्यास (सब मशीन गन) में स्वर्ण पदक तथा 40 गज खड़े होकर स्थिति अभ्यास (सब मशीन गन) में कांस्य पदक,आरक्षी/सा.दिनेश कुमार 25 गज पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक तथा 30 गज आक्रमण अभ्यास (पिस्टल) में रजत पदक। एसएसबी टीम की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि कड़ी मेहनत,अनुशासन और निरंतर अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। श्रीनगर का यह प्रशिक्षण केंद्र अब उत्कृष्ट निशानेबाजों की नई पहचान बनता जा रहा है और आने वाले समय में और भी बड़े कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है।