
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिले की नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला से मंगलवार को नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (एनयूजे) संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने औपचारिक शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संगठन ने रचना बुटोला को जिला पंचायत अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं और जिले के विकास व जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। संगठन के प्रतिनिधियों ने रचना बुटोला को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। इस दौरान पत्रकारों ने जिले के विभिन्न सामाजिक,शैक्षिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर अध्यक्ष से वार्ता की और कई समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। रचना बुटोला ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा पांच साल का यह कार्यकाल पूरी तरह जनता की सेवा और विकास कार्यों को समर्पित रहेगा। प्रत्येक जिला पंचायत क्षेत्र में शिक्षा,स्वास्थ्य,सड़क और महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि सभी जिला पंचायत सदस्यों के साथ मिलकर जिले को एक आदर्श स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा। मुलाकात के दौरान यूनियन के सदस्यों ने जनपद स्तर पर पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं,ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों में पारदर्शिता और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष से अपेक्षा जताई कि उनका नेतृत्व आने वाले समय में जिले के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के जिलाध्यक्ष जसपाल नेगी,उपाध्यक्ष मुकेश सिंह,कोषाध्यक्ष दीपक बड़थ्वाल,गणेश नेगी,मुकेश आर्य सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।