
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आज 19 सितंबर 2025 को स्वस्थ नारी,सशक्त परिवार अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगांवखाल में एक विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि राय सिंह नेगी ने किया। शिविर में पहुंचे मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरतमंदों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि राय सिंह नेगी ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक गांव और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों पर ही सभी जांच और उपचार सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हो रही हैं,जो कि एक सराहनीय कदम है। उन्होंने शिविर में जुटे विभागीय कर्मियों और चिकित्सकीय टीम के कार्य की खुलकर प्रशंसा की। शिविर में स्त्री रोग,हड्डी रोग,आंख,नाक-कान-गला,बीपी,शुगर,हाइपरटेंशन,टीबी स्क्रीनिंग,एक्स-रे आदि विभागों में मरीजों का परीक्षण किया गया। कुल 195 रोगियों ने इस चिकित्सा शिविर का लाभ उठाया। इसके अलावा शिविर में 5 विकलांग प्रमाण पत्र भी जारी किए गए,जिससे विशेष जरूरत वाले मरीजों को सीधा लाभ मिला। शिविर को सफल बनाने में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी द्वारीखाल डॉ.निकिता चौधरी की देखरेख में चिकित्सा टीम ने अहम योगदान दिया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी,पूर्व ब्लॉक प्रमुख नीरज पांथरी,बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.गोविंद पुजारी,जनरल सर्जन डॉ.मोहित सिंह,ऑर्थोपेडिक्स डॉ.गौतम नैथानी,डॉ.दीक्षा बोरा,शुभम बंगवाल,डॉ.दिगपाल आदि चिकित्सक व गणमान्य लोग मौजूद रहे। नौगांवखाल सीएचसी में आयोजित यह चिकित्सा शिविर ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति और निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता से न केवल मरीजों में आशा और भरोसा जागा,बल्कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं पर जनता का विश्वास भी और अधिक गहरा हुआ।