पर्वतीय क्षेत्रों को बड़ी राहत-स्वास्थ्य विभाग को मिले सात विशेषज्ञ चिकित्सक

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश सरकार ने दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और ठोस कदम उठाया है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश सरकार ने दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और ठोस कदम उठाया है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को सात विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध कराए गए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की ‘यू कोट,वी पे’ योजना के तहत चयनित इन विशेषज्ञों की तैनाती चौखुटिया,गैरसैण,बीरोंखाल और डीडीहाट की प्रमुख चिकित्सा इकाइयों में की गई है,जिससे स्थानीय स्तर पर उपचार सुविधाओं को नया बल मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार की स्पष्ट नीति है कि पहाड़ के अंतिम छोर तक भी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें। उन्होंने कहा कि ‘यू कोट,वी पे’ योजना विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने का एक कारगर माध्यम बन रही है। इन नियुक्तियों से मातृ-शिशु स्वास्थ्य,आपातकालीन सेवाओं और जटिल उपचार की सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा मरीजों को बड़े शहरों की ओर रेफर होने से राहत मिलेगी। प्रदेश सरकार राज्य की चिकित्सा व्यवस्था को जन-केन्द्रित और सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता के साथ-साथ चिकित्सकों,पैरामेडिकल एवं सहायक स्टाफ की नियमित तैनाती की जा रही है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को चरणबद्ध तरीके से दूर करने की इसी रणनीति के तहत एनएचएम के अंतर्गत एनेस्थेटिस्ट,पीडियाट्रिशियन तथा ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनी के सात विशेषज्ञ चिकित्सकों का चयन किया गया है। चयनित चिकित्सकों में दो एनेस्थेटिस्ट,दो पीडियाट्रिशियन और तीन स्त्री-रोग विशेषज्ञ शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया अल्मोड़ा में डॉ.आर.हेमचन्द्रन (एनेस्थेटिस्ट),डॉ.देविका खत्री (ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनी) एवं डॉ.अनंत गुप्ता (पीडियाट्रिशियन),उप जिला चिकित्सालय गैरसैण चमोली में डॉ.विशाल प्रताप सिंह (एनेस्थेटिस्ट) एवं डॉ.शिल्पा भानुदास (ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनी),सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल पौड़ी गढ़वाल में डॉ.ममता थपलियाल (ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनी) तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट पिथौरागढ़ में डॉ.किशन सिंह महर (पीडियाट्रिशियन) को तैनाती दी गई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से इन क्षेत्रों के अस्पतालों में वर्षों से चली आ रही विशेषज्ञों की कमी दूर होगी और आमजन को समय पर,गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...