
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरती पर एक बार फिर लोकजीवन की सच्चाइयों को सिनेमा के माध्यम से सामने लाने का सराहनीय प्रयास किया गया है। भागीरथी कला संगम के बैनर तले एमजी फिल्म यूट्यूब चैनल के लिए गढ़वाली शॉर्ट फिल्म असंद एगी की शूटिंग आज पौड़ी के आसपास के रमणीय क्षेत्रों में संपन्न हुई,जिसने स्थानीय जनजीवन से जुड़े एक ज्वलंत मुद्दे को बेहद संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया। यह फिल्म वर्तमान समय में पहाड़ों में गैस की किल्लत जैसी गंभीर समस्या पर आधारित है। पहाड़ी जीवन की कठिनाइयों,घरेलू संघर्षों और आमजन की व्यथा को केंद्र में रखकर तैयार की जा रही यह फिल्म दर्शकों को एक सशक्त सामाजिक संदेश देने का प्रयास करती है। फिल्म के निर्देशक मदन गड़ोई ने बताया कि यद्यपि गैस की समस्या से लोग जूझ रहे हैं,लेकिन ऐसे समय में धैर्य और संयम बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी इसी भावना को केंद्र में रखकर बुनी गई है,जो न केवल मनोरंजन करेगी बल्कि समाज को सोचने पर भी मजबूर करेगी। फिल्म की शूटिंग के दौरान स्थानीय कलाकारों का उत्साह और समर्पण देखने लायक रहा। मुख्य भूमिकाओं में मुकेश नौटियाल,राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल,शशि बिष्ट,धर्मेंद्र,ममता,विजय,लक्ष्मी,जितेंद्र और अरुण कुमार जैसे कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली अभिनय से कहानी को जीवंत रूप देने का कार्य किया। पौड़ी के प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर लोकेशनों पर फिल्मांकन ने इस शॉर्ट फिल्म को और भी आकर्षक बना दिया है। स्थानीय परिवेश,बोली और संस्कृति का समावेश इसे दर्शकों के दिल के करीब लाने में अहम भूमिका निभाएगा। असंद एगी केवल एक फिल्म नहीं बल्कि पहाड़ के दर्द,संघर्ष और उम्मीदों की कहानी है,जो समाज को जागरूक करने के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक-संस्कृति को नई पहचान देने का काम करेगी।