
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर विकासखंड के पाव अकरी गांव में वर्षों से चली आ रही पेयजल एवं सड़क समस्या के समाधान न होने से आक्रोशित ग्रामीणों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। समस्याओं की लगातार अनदेखी से क्षुब्ध ग्रामीणों ने मंगलवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। आंदोलनकारी ग्रामीणों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक से तत्काल हस्तक्षेप कर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में निर्मित अकरी-बारजूला पेयजल पम्पिंग योजना में व्यापक अनियमितताएं एवं कथित भ्रष्टाचार हुआ है,जिसके चलते यह योजना प्रभावी रूप से संचालित नहीं हो पा रही है। पाइपलाइन बिछी होने के बावजूद गांव में नियमित जलापूर्ति ठप पड़ी है,जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलनकारी ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि अकरी*बारजूला पेयजल पम्पिंग योजना की तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के टैंक जर्जर अवस्था में पड़े हैं और विभागीय लापरवाही के कारण करोड़ों की योजना दम तोड़ चुकी है। धरना-प्रदर्शन में उठी सड़क और पुनर्गठन की मांग विक्रम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने सरकार से पानी और सड़क की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य महिपाल बुटोला ने कहा कि न्यूली पेयजल योजना का पुनर्गठन कर गांवों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए,साथ ही अकरी-बारजूला पेयजल पम्पिंग योजना में हुई सभी अनियमितताओं की जांच कर शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने सेल-तोक से मठुर गांव तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग को भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि सड़क के अभाव में ग्रामीणों को आपात स्थिति में भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। महिपाल बुटोला ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी समस्याएं उठाते आ रहे हैं,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज करते हुए भूख-हड़ताल शुरू की जाएगी,जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। पहले दिन 11 ग्रामीण बैठे अनशन पर क्रमिक अनशन के पहले दिन जगदीश प्रसाद डंगवाल,सुशील चन्द्र मैठाणी,प्रकाश लखेड़ा,बुद्धि सिंह नेगी,बीना कोहली,विमला देवी,सजना देवी,सुदामा देवी,राजेन्द्र सिंह रावत,लक्ष्मण सिंह पंवार और सुरजदास अनशन पर बैठे। इस दौरान अकरी बारजूला संघर्ष समिति के संयोजक राकेश कोली,जिला पंचायत सदस्य अंजली देवी,संरक्षक कुंजकृष्ण डंगवाल,क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेश मैठाणी,मनोज लखेड़ा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। पानी और सड़क के लिए संघर्ष-पाव अकरी के ग्रामीणों का यह आंदोलन अब प्रशासन की संवेदनशीलता की परीक्षा बन चुका है।