
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। दिनांक 17 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की मांगों और शैक्षणिक गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया। कुलपति की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सभी संकायाध्यक्ष,परिसर निदेशक,नियंता,अधिष्ठाता छात्र कल्याण,छात्रावास अधीक्षक,प्रवेश परीक्षा समिति के सदस्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पीएचडी प्रवेश हेतु प्राप्त आवेदनों की गहन समीक्षा की गई,जिसमें यह तथ्य सामने आया कि कुछ विषयों में अपेक्षाकृत कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसी पर गंभीर मंथन के बाद गढ़वाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने निर्णय लिया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी प्रवेश परीक्षा अब विश्वविद्यालय स्तर पर न होकर अखिल भारतीय स्तर (ऑल इंडिया लेवल) पर आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही पूर्व में प्राप्त सभी आवेदन मान्य रखे जाएंगे,जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस निर्णय को विश्वविद्यालय की पारदर्शी और गुणवत्ता आधारित चयन प्रक्रिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे देशभर के प्रतिभाशाली शोधार्थियों को समान अवसर मिलने के साथ-साथ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। बैठक के अंत में कुलपति ने सभी उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।