
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में आमजन को कानून,सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित पुलिस आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पुलिस विभाग द्वारा गांव-गांव जाकर जनसंवाद और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशानुसार पुलिस टीम द्वारा विकासखण्ड पाबों के ग्राम थापली में एक जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों,महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पाबो चौकी के उप निरीक्षक मुकेश गैरोला अपनी पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ सीधे संवाद स्थापित करते हुए उन्हें कानून-व्यवस्था,सामाजिक सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को विशेष रूप से महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम,साइबर अपराधों से बचाव,नशे के दुष्प्रभाव,घरेलू हिंसा की रोकथाम,यातायात नियमों के पालन तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में विस्तारपूर्वक जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं,इसलिए किसी भी अनजान कॉल,लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के प्रति सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध की घटना होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके साथ ही ग्रामीणों को आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 सेवा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या,संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में डायल 112 पर कॉल कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। चौपाल के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को उत्तराखंड पुलिस ऐप के बारे में भी अवगत कराया और बताया कि इस ऐप के माध्यम से लोग घर बैठे ही विभिन्न पुलिस सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं तथा अपनी शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जन-जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से गांव के लोगों को कानून और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। पुलिस विभाग ने भी ग्रामीणों से अपील की कि समाज में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी नागरिक पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें,ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।