
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के अधीन संचालित पैरामेडिकल कोर्स के छात्र-छात्राओं का तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव शनिवार को उमंग और उल्लास के माहौल में सम्पन्न हुआ। समापन दिवस पर मंच पर प्रतिभा का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने उपस्थित अतिथियों,शिक्षकों और सहपाठियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक संध्या में छात्रों ने गढ़वाली जागर,कुमाऊंनी झोड़ा,पंजाबी भांगड़ा,नेपाली नृत्य,साउथ इंडियन डांस और बॉलिवुड प्रस्तुति जैसी विविध प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने छात्रों के उत्साह और अनुशासन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पैरामेडिकल छात्रों ने वार्षिकोत्सव को सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि एक परंपरा और संस्कार के रूप में मनाया है। यह समर्पण,अनुशासन और सृजनशीलता का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चिकित्सा,स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत द्वारा इस वार्षिकोत्सव का शुभारंभ किया गया था और वे लगातार पैरामेडिकल शिक्षा को सुदृढ़ करने तथा छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। डॉ.सयाना ने कहा कि पैरामेडिकल शिक्षा पूरी करने के बाद छात्रों के पास करियर के अनेक अवसर हैं आप एमएससी जैसे उच्च अध्ययन के साथ कॉरपोरेट अस्पतालों या सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सेवा देकर प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। कार्यक्रम में पैरामेडिकल कोर्स प्रभारी डॉ.सुरेन्द्र सिंह ने आयोजन को सफल बनाने के लिए बैच 2022-23 को विशेष बधाई दी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में मधु,समीक्षा,निधि,प्रिया,खुशी,दिव्यांशी,हिमानी,जानवी,हिमशिखर,विधि,मिनाक्षी,शिवानी,गौरव आदि छात्रों ने मंच पर शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम संचालन का दायित्व प्रशांत,लक्ष्मी,दीपक और रितिका ने बखूबी निभाया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागाध्यक्षों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं,शिक्षण स्टाफ और अतिथि उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान छात्रों में अनुशासन,टीम भावना और आत्मविश्वास झलकता रहा। समापन पर सभी ने एक स्वर में कहा पैरामेडिकल छात्र न केवल चिकित्सा सेवा की रीढ़ हैं,बल्कि समाज के लिए समर्पण की मिसाल भी हैं।