पौड़ी को मिला विकास का रोडमैप-गढ़वाल सासंद से पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के नमन चंदोला की मुलाकात बनी मील का पत्थर

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पर्वतीय जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकास को लेकर चल रही पहल अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिख रही है। शनिवार को पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पर्वतीय जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकास को लेकर चल रही पहल अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिख रही है। शनिवार को पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक नमन चंदोला ने सर्किट हाउस में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से मुलाकात कर जिले के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस भेंट के दौरान सांसद बलूनी ने पौड़ी की समृद्धि के लिए कई दूरगामी घोषणाएं की,जिससे जनमानस में नई आशा और उत्साह का संचार हुआ है। सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि पौड़ी में शीघ्र ही हाई एल्टीट्यूड स्पोर्ट्स एक्टिविटी से जुड़ा एक राष्ट्रीय स्तर का संस्थान स्थापित किया जाएगा,जिसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर ली गई है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान न केवल स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में अवसर प्रदान करेगा,बल्कि देश-विदेश के खिलाड़ियों को भी आकर्षित करेगा। इससे पौड़ी को खेल पर्यटन की नई पहचान मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। इसी दौरान नमन चंदोला ने सांसद बलूनी को पौड़ी में केंद्रीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव सौंपा। उन्होंने बताया कि इस संस्थान के लिए लगभग 1500 से 2000 नाली भूमि की आवश्यकता होगी। इस पर सांसद बलूनी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि पौड़ी जैसे पर्वतीय जिले के लिए मेडिकल कॉलेज की स्थापना न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करेगी बल्कि युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए द्वार भी खोलेगी। बैठक के दौरान नमन चंदोला ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) को शहर के मध्य तक लाने,सड़कों के चौड़ीकरण और उचित मुआवजा व्यवस्था की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि यदि बाईपास मार्ग को ही विकल्प बनाया गया,तो पौड़ी की स्थानीय अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इस पर सांसद बलूनी ने सहमति जताते हुए कहा कि यह विषय उनके संज्ञान में है और जल्द ही इस दिशा में ठोस पहल की जाएगी। चंदोला ने सांसद को विभिन्न राज्यों में चल रहे एनएच चौड़ीकरण प्रोजेक्ट्स के उदाहरण प्रस्तुत किए,जहां भवन स्वामियों को अतिक्रमण हटाने के बावजूद उचित मुआवजा और पुनर्वास दिया गया। उन्होंने कहा कि पौड़ी में भी यदि प्रभावित भवन स्वामियों को न्यायसंगत मुआवजा दिया जाए,तो परियोजना में तेजी लाई जा सकती है। बैठक में लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सुरंग परियोजना (टनल प्रोजेक्ट) पर भी चर्चा हुई। चंदोला ने सुझाव दिया कि यदि मुआवजा राशि बढ़ाई जाए तो 100 से 200 करोड़ रुपये के भीतर सभी विस्थापन मामलों का निपटारा संभव है। सांसद बलूनी ने इस पर सहमति जताई और शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। नमन चंदोला ने मुलाकात के बाद कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य पौड़ी का समग्र और सतत विकास है। उन्होंने कहा मेरे लिए सबसे पहले पौड़ी है,उसके बाद अन्य कार्य। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी जी के नेतृत्व में पौड़ी के स्वर्णिम भविष्य की नींव रखी जा चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि पौड़ी की जनता आज विकास की दिशा में एकजुट है और आने वाले समय में जनसहयोग से पौड़ी फिर से अपने गौरव को प्राप्त करेगा। गढ़वाल सांसद बलूनी के इस सकारात्मक रुख से जनपदवासियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है,और यह मुलाकात पौड़ी के पुनर्जागरण की दिशा में विकास की नई पगडंडी साबित हो सकती है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...